पथरिया में आज मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का तृतीय शिविर, 44 टीमें करेंगी डिजिटल निरीक्षण..
दमोह। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ आमजन तक पहुंचाने और योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 21 अगस्त को पथरिया विकासखंड में तृतीय विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन शादी घर, बड़े तालाब के पास, पथरिया में किया जाएगा। अभियान के तहत पथरिया विकासखंड की 44 ग्राम पंचायतों और नगर परिषद पथरिया के सभी 15 वार्डों को शामिल किया गया है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के लिए पहुंचने वाली प्रशासनिक टीमों को अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों से निसंकोच अवगत कराएं, ताकि मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके।
44 टीमें करेंगी घर-घर और क्षेत्र का निरीक्षण..
अभियान के तहत गठित 44 प्रशासनिक टीमें पथरिया विकासखंड की ग्राम पंचायतों और नगर परिषद के वार्डों में पहुंचकर प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगी। अधिकारी-कर्मचारी स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेंगे।
इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्यों, नए प्रोजेक्ट और निर्माण कार्यों की जरूरत का भी आकलन किया जाएगा। निरीक्षण के आधार पर आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।
GIS ‘परख’ ऐप से होगा पेपरलेस निरीक्षण..
इस बार अभियान की खासियत यह होगी कि पूरा निरीक्षण कार्य GIS ‘परख’ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल और पेपरलेस तरीके से किया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि MP SEDC भोपाल द्वारा विकसित GIS ‘परख’ वेब पोर्टल एवं मोबाइल ऐप का उपयोग निरीक्षण में किया जाएगा।
अधिकारी मौके से ही ऐप पर आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे। वेब-GIS आधारित इस व्यवस्था में अधिकारी की वास्तविक GPS लोकेशन के आधार पर एंट्री दर्ज होगी। साथ ही मौके की तस्वीरें भी ऐप के माध्यम से कैप्चर कर अपलोड की जा सकेंगी। इससे भौतिक रिकॉर्ड रखने की आवश्यकता कम होगी और जिला स्तर पर निरीक्षण की निगरानी एवं समीक्षा आसानी से की जा सकेगी।
मेगा शिविर में मिलेंगे योजनाओं के लाभ..
पथरिया में आयोजित मुख्य शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अलग-अलग काउंटर लगाए जाएंगे। यहां पीएम किसान सम्मान निधि, फार्मर आईडी, समग्र ई-केवाईसी, आधार अपडेट, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सहित अन्य सेवाओं का लाभ दिया जाएगा।
कृषकों के लिए ई-कृषि विकास पोर्टल के अंतर्गत टोकन जारी करने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग संचालकों के साथ अधिकारियों द्वारा सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली जाएगी।
लंबित प्रकरणों का होगा प्राथमिकता से निराकरण..
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि क्षेत्र से संबंधित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। जिला स्तर से समाधान योग्य मामलों को जिला मुख्यालय भेजकर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से कहा कि प्रशासनिक टीमें जब उनके क्षेत्र में पहुंचें तो वे अपनी वास्तविक समस्याएं, शिकायतें और विकास से जुड़े सुझाव अधिकारियों के सामने रखें। अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
44 ग्राम पंचायतें और 15 वार्ड शामिल..
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत पथरिया विकासखंड की कुल 44 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इनमें सतपारा, सासा, सुजनीपुर, केवलारी, सेमरालखरौनी, नेगुवां, बोतराई, लखरौनी, मिर्जापुर, गूढ़ा, सुहाव, जगथर, बेलखेड़ी, मारा, खिरियाशंकर, किन्द्राहो, बिलानी, रजवांस, खजरी, सूखा, बोबई, शाहपुर, सेमरालोधी, झागर, देवरान, सरखड़ी, कुमेरिया, हिनौतानरसिंहगढ़, महंतपुर, बरघारी, भौरासा, नंदरई, बांसाकलां, इमलियाघोना, जमुनियामाल, पिपरियातुरकाई, खोजाखेड़ी, पिपरियाछक्का, बकैनी, सदगुवां, मेहलवारा, सेमराबुजुर्ग, मोहनपुर और खैजरालखरौनी शामिल हैं।
इसके साथ ही नगर परिषद पथरिया के सभी 15 वार्डों में भी प्रशासनिक टीमें पहुंचकर निरीक्षण करेंगी। अभियान के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति सामने लाने के साथ नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कार्यों की पहचान करना है।


More Stories
पथरिया को स्वास्थ्य सुविधा और किसानों को राहत की सौगात, राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से दो बड़ी उपलब्धियां..
मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की संकल्प कांवड़ यात्रा का जबेरा विधानसभा में भव्य स्वागत..
सांसद राहुल सिंह लोधी के आग्रह पर बांदकपुर पहुंचे रावतपुरा सरकार, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत..