सांसद राहुल सिंह लोधी के आग्रह पर बांदकपुर पहुंचे रावतपुरा सरकार, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत..
दमोह। दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी के आग्रह पर परम श्रद्धेय संत अनंत विभूषित 1000 श्री रविशंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार शुक्रवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री देव जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर पहुंचे। संत श्री के आगमन की खबर मिलते ही श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धाभाव देखने को मिला।
सिहोरा टोल नाका पहुंचने पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री.. धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजनों ने संत श्री का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
भगवान जागेश्वरनाथ का किया जलाभिषेक..
बांदकपुर धाम पहुंचकर संत रविशंकर जी महाराज ने श्री देव जागेश्वरनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से जलाभिषेक कर देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। संत श्री की मौजूदगी से मंदिर परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया।
दर्शन-पूजन के बाद संत श्री ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि भगवान शिव की आराधना सनातन संस्कृति में लोककल्याण और आत्मिक शांति का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने स्वभाव में सकारात्मक बदलाव लाने, धर्म, सेवा, सदाचार और सनातन संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
सांसद की ओर से ब्राह्मण भोज का आयोजन..
सांसद राहुल सिंह लोधी की ओर से संत श्री रविशंकर महाराज के साथ आए संत-महात्माओं एवं ब्राह्मणों के लिए विशेष ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। संत श्री के दर्शन और आशीर्वचन प्राप्त करने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस अवसर पर हटा विधायक उमा देवी खटीक, पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह, जिला पंचायत प्रतिनिधि धर्मेंद्र पटेल, ब्रजेश ठाकुर, शंकर गौतम, कृष्णा पटेल, सरपंच सुनील डबुल्या सहित क्षेत्र के सरपंच, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


More Stories
पथरिया को स्वास्थ्य सुविधा और किसानों को राहत की सौगात, राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से दो बड़ी उपलब्धियां..
मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की संकल्प कांवड़ यात्रा का जबेरा विधानसभा में भव्य स्वागत..
नगर पालिका के वाहन से गोवंश परिवहन पर उठे सवाल, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन..