नगर पालिका के वाहन से गोवंश परिवहन पर उठे सवाल, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन..

Spread the love


नगर पालिका के वाहन से गोवंश परिवहन पर उठे सवाल, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन..


दमोह। नगर पालिका के वाहन से गोवंश के कथित क्रूरता पूर्वक परिवहन का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और ग्रामीणों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।


संगठन का आरोप है कि 18 अगस्त 2026 को नगर पालिका दमोह के वाहन क्रमांक MP-34 A-0526 से 8 नंदियों को दमोह से तेंदूखेड़ा गौशाला ले जाया जा रहा था। आरोप है कि गोवंश को अनुपयुक्त ट्रॉली में ठूंसकर परिवहन किया गया। ज्ञापन के अनुसार वाहन चालक शेख जावेद और उनके सहयोगी अनिल वाल्मीकि की मौजूदगी में यह परिवहन किया जा रहा था।


दो नंदी मृत, अन्य घायल मिलने का आरोप..


ज्ञापन में बताया गया कि तेंदूखेड़ा के आगे वाहन खड़ा होने पर ग्रामीणों ने ट्रॉली में मौजूद गोवंश की स्थिति देखी। संगठन का दावा है कि इस दौरान दो नंदी मृत मिले, जबकि अन्य गोवंश घायल अवस्था में पाए गए। कुछ गोवंश के शरीर पर चोट के निशान और खून निकलने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।


इसके बाद ग्रामीणों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तेंदूखेड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। संगठन का आरोप है कि दो दिनों तक कार्यकर्ता और ग्रामीण थाने पहुंचते रहे, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई और कार्रवाई का आश्वासन दिया जाता रहा।


जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग..


इसके बाद कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय दमोह पहुंचे, जहां पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने वाहन चालक और सहयोगी के साथ ही गोवंश को वाहन से ले जाने के आदेश देने वाले संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।


विहिप-बजरंग दल पदाधिकारियों ने कहा कि मामले में दोषियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपते समय विहिप जिला अध्यक्ष अजय खत्री, जिला मंत्री शम्भू विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष राम मिश्रा, बबलू राय, राजेश पटेरिया, जिला सह संयोजक अजय चौरसिया, तेंदूखेड़ा प्रखंड संयोजक तेजी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।


नोट: गोवंश की मौत और परिवहन में क्रूरता से जुड़े आरोप संगठन और ग्रामीणों की शिकायत पर आधारित हैं। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

About The Author