पथरिया को स्वास्थ्य सुविधा और किसानों को राहत की सौगात, राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से दो बड़ी उपलब्धियां..
पथरिया को मिली बड़ी सौगात, 11.28 करोड़ से बनेगा नया 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र..
ओलावृष्टि से प्रभावित 200 किसानों को करीब 40 लाख की राहत, खातों में पहुंची सहायता राशि..
दमोह। पथरिया विधानसभा क्षेत्र को एक ही दिन में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के लिए आर्थिक राहत की दो महत्वपूर्ण सौगात मिली हैं। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल के विशेष प्रयासों से पथरिया में नवीन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है, वहीं इमलिया घोना गांव के 200 किसानों के खातों में ओलावृष्टि से फसल नुकसान की करीब 40 लाख रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई है।
पथरिया में नवीन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण के लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 11 करोड़ 27 लाख 92 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। प्रस्तावित निर्माण में अस्पताल भवन के साथ 2 एफ टाइप, 2 जी टाइप और 2 एच टाइप आवास गृहों का निर्माण भी शामिल है। नए भवन के बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
200 किसानों को मिली करीब 40 लाख की सहायता
वहीं पथरिया विधानसभा के ग्राम इमलिया घोना में असामयिक ओलावृष्टि से मूंग की फसल को हुए नुकसान के बाद शासन ने प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। राज्यमंत्री लखन पटेल के अनुसार 200 किसानों के बैंक खातों में आरबीसी 6/4 के तहत करीब 40 लाख रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की गई है।
राज्यमंत्री ने बताया कि ओलावृष्टि से मूंग की फसल को नुकसान की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था और तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए थे। अब सहायता राशि किसानों के खातों में पहुंचने से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य और किसान हित को प्राथमिकता
राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय किसानों को समय पर आर्थिक संबल देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता के हर सुख-दुख में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है और किसान हित में आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पथरिया में नए 30 बिस्तरीय स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति और प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


More Stories
मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की संकल्प कांवड़ यात्रा का जबेरा विधानसभा में भव्य स्वागत..
सांसद राहुल सिंह लोधी के आग्रह पर बांदकपुर पहुंचे रावतपुरा सरकार, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत..
नगर पालिका के वाहन से गोवंश परिवहन पर उठे सवाल, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन..