कांवड़ यात्रा में मंत्री-सांसद कांवड़ियों के साथ झूमे, 121 किमी की यात्रा में दिखा आस्था और उत्साह..
दमोह। जबेरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में निकाली जा रही पांच दिवसीय कांवड़ यात्रा में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। यात्रा के दौरान मंत्री, सांसद और भाजपा पदाधिकारी भी कांवड़ियों के साथ कदम से कदम मिलाते और झूमते नजर आए।
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कांवड़ियों के साथ यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पंचवटी भेड़ाघाट से प्रारंभ हुई यह यात्रा करीब 121 किलोमीटर की दूरी तय कर देव श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर पहुंचेगी।
यात्रा के तृतीय दिवस तेंदूखेड़ा से कांवड़ियों का जत्था रवाना हुआ और दोपहर में सांगा पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए सहभोज का आयोजन किया गया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला।
धार्मिक यात्रा के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश..
कांवड़ यात्रा को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। यात्रा के दौरान स्कूल में छात्र-छात्राओं को निशुल्क स्कूली सामग्री वितरित की गई। वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के साथ मंत्री अनुज सत्येंद्र सिंह लोधी एवं उनका संपूर्ण परिवार भी लगातार सहभागिता कर रहा है। धार्मिक आस्था, सेवा और सामाजिक संदेश के साथ आगे बढ़ रही कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।


More Stories
दमोह में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, रावण दहन की 100वीं वर्षगांठ को भव्य बनाने की तैयारी..
अग्रसेन जयंती पर ‘सरप्राइज गेम—1 मिनट प्रतियोगिता’ आयोजित, महिलाओं ने दिखाया उत्साह..
दमोह में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन..