चीलघाट पुल से नाले में गिरा 16-18 चक्का ट्राला, दो लोगों के फंसे होने की आशंका; देर शाम तक रेस्क्यू जारी..

Spread the love

चीलघाट पुल से नाले में गिरा 16-18 चक्का ट्राला, दो लोगों के फंसे होने की आशंका; देर शाम तक रेस्क्यू जारी

कुम्हारी। दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट पुल पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे बड़ा हादसा हो गया। यहां एक 16-18 चक्का ट्राला अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद ट्राला के अंदर दो लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार रात करीब 1 बजे ट्राला दमोह-कटनी स्टेट हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान चीलघाट पुल के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्राला पुल से नीचे नाले में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि ट्राला नाले के पानी में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

अंधेरा और पानी की गहराई बनी चुनौती..

घटना रात के समय होने के कारण तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाले में पानी की गहराई अधिक होने और अंधेरा होने के कारण पुलिस और बचाव दल को ट्राला तक पहुंचने में दिक्कत आई। ऐसे में सुबह होने का इंतजार करना पड़ा।

शनिवार सुबह कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसडीआरएफ के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने नाले में उतरकर ट्राला की स्थिति का जायजा लिया और उसके अंदर किसी के फंसे होने की जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

दमोह में क्रेन नहीं मिली तो जबलपुर से बुलानी पड़ी..

ट्राला को पानी से बाहर निकालने के लिए भारी क्षमता वाली क्रेन की जरूरत थी। दमोह में क्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण जबलपुर से क्रेन बुलवाई गई। क्रेन के मौके पर पहुंचने के बाद ट्राला को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। पानी की गहराई और ट्राला के भारी वजन के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

रेस्क्यू अभियान को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर भी पहुंच गए। भीड़ को नियंत्रित करने और रेस्क्यू ऑपरेशन को व्यवस्थित तरीके से संचालित कराने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

ट्राला बाहर निकलने के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट..

हादसे के बाद ट्राला में दो लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पानी के अंदर होने के कारण अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ट्राला में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।

कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पानी के अंदर कितने व्यक्ति हैं, इसके बारे में फिलहाल निश्चित रूप से कुछ कहना संभव नहीं है। ट्राला को बाहर निकालने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और क्रेन की मदद से ट्राला को नाले से बाहर निकालने का प्रयास जारी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

About The Author