मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान

Spread the love

अभियान के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और

 पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने पर

विशेष ध्यान दिया जा रहा है– राज्यमंत्री श्री पटेल


जन विश्वास अभियान में 33 ग्राम पंचायतों का निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश..


बटियागढ़ शिविर में आधार अपडेशन, ई-केवाईसी, स्वास्थ्य परीक्षण और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ; कलेक्टर ने किया मोठा-फुटेरा कला का औचक निरीक्षण..


दमोह। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की महत्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को बटियागढ़ में शिविर आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की समीक्षा करना है। इसी क्रम में बटियागढ़ जनपद पंचायत की 33 ग्राम पंचायतों में अधिकारियों की टीमों ने स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया।


शिविर में प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने कहा कि अभियान के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनके आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं। जिले में कुल 23 शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रत्येक विकासखंड में औसतन तीन शिविरों के माध्यम से आमजन तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।


उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर यह देख रहे हैं कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं। बटियागढ़ शिविर में प्राप्त आवेदनों की समरी तैयार कर तत्काल निराकृत प्रकरणों तथा समय लेने वाले प्रकरणों का अलग-अलग विवरण तैयार किया जाएगा।


पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे : कलेक्टर..


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से बटियागढ़ की 33 ग्राम पंचायतों में अधिकारियों को भेजकर स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।


शिविर में आधार अपडेशन, ई-केवाईसी, स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी और मध्यप्रदेश विकास पोर्टल पर टोकन सहित विभिन्न सेवाओं के स्टॉल लगाए गए। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कई मामलों में तत्काल कार्रवाई की गई, जबकि अन्य प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए गए।


खराब सड़कों की मरम्मत के निर्देश..


अभियान के दौरान कई स्थानों पर खराब सड़कों की स्थिति सामने आने पर कलेक्टर ने एमपीआरडीसी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को तत्काल रिपेयरिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों को बेहतर स्थिति में लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए और वर्तमान में भी आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए तत्काल सुधार कराया जाए।


स्कूल में बच्चे टाट-पट्टी पर मिले, फर्नीचर के निर्देश..


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बटियागढ़ ब्लॉक के ग्राम मोठा और फुटेरा कला का औचक निरीक्षण भी किया। ग्राम मोठा की प्राथमिक शाला में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठे मिले। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्कूल में तत्काल आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।


पंचायत सचिव को निलंबित करने के निर्देश..


ग्राम फुटेरा कला में ग्रामीणों ने पंचायत सचिव दामोदर के नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित नहीं होने की शिकायत कलेक्टर से की। ग्रामीणों ने बताया कि सचिव की अनुपस्थिति के कारण उनके जरूरी काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पंचायत सचिव के निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।


मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने पर समूह हटाने के निर्देश..


फुटेरा कला के आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण में बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जाना पाया गया। कलेक्टर ने इस पर जिला पंचायत सीईओ को संबंधित स्व-सहायता समूह को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और आंगनवाड़ी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को केले वितरित किए।


सीएचओ का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश..


उप स्वास्थ्य केंद्र फुटेरा के निरीक्षण के दौरान सीएचओ संगीता लोधी निर्धारित समय पर केंद्र में उपस्थित नहीं मिलीं। ओपीडी रजिस्टर में भी आवश्यक प्रविष्टियां नहीं पाई गईं। कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएचओ का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।


स्कूल कर्मचारी का संलग्नीकरण समाप्त करने के निर्देश..


शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुटेरा में कलेक्टर ने लैब भवन और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक ग्रेड-2 राजेंद्र सिंह राजपूत अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को उनका संलग्नीकरण समाप्त करने तथा पूर्व दिनों की उपस्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए।


सड़क और वाटर फिल्टर सुधारने के निर्देश..


फुटेरा कला में नल-जल योजना के तहत सड़क का सुधार नहीं होने की शिकायत पर कलेक्टर ने सड़क सुधार के सख्त निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों की मांग पर करीब 25 लाख रुपए की लागत से स्थापित वाटर फिल्टर को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।


हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ..


बटियागढ़ शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत ग्राम सकतपुर के कृषक मनोहर पटेल को दाल मिल यूनिट स्थापना के लिए 25 लाख 5 हजार 850 रुपए की परियोजना लागत पर 8 लाख 77 हजार 47 रुपए अनुदान का प्रशस्ति पत्र दिया गया। वहीं बटियागढ़ निवासी कृषक गोविंद यादव को डेयरी उद्योग स्थापना के लिए 6 लाख 1 हजार रुपए की लागत पर 2 लाख 10 हजार 35 रुपए अनुदान का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।


मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत अंगद सिंह लोधी को इलेक्ट्रिक दुकान स्थापना के लिए भारतीय स्टेट बैंक खड़ेरी शाखा से 2 लाख रुपए की ऋण राशि उपलब्ध कराई गई। योगेश जैन को हार्डवेयर दुकान के लिए एसबीआई बटियागढ़ शाखा द्वारा 10 लाख रुपए का हितलाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा आठ किसानों को पॉवर स्प्रेयर पंप वितरित किए गए तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।


अभियान के दौरान प्रशासन ने एक ओर जहां पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया, वहीं दूसरी ओर मैदानी स्तर पर शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं और अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों पर तत्काल सुधार और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

About The Author