बारिश में बिजली के खंभों और तारों से बनाएं दूरी, सावधानी बरतने की अपील..
जलभराव वाले क्षेत्रों में विद्युत उपकरणों से दूर रहें, टूटे तार-पोल की सूचना तत्काल विभाग को दें..
दमोह। बारिश के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए दमोह के अधीक्षण अभियंता ने जिले के आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, क्योंकि खराब मौसम में करंट लीकेज, तार टूटने सहित अन्य विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
अधीक्षण अभियंता ने नागरिकों से विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने तथा हाईटेंशन और एलटी लाइनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अपने पालतू पशुओं को बिजली के खंभों या स्टे वायर से न बांधें।
जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी..
अधीक्षण अभियंता ने कहा कि जलभराव वाले स्थानों तथा बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचें। ऐसे स्थानों पर रखे विद्युत उपकरणों का उपयोग भी न करें। छत या दीवारों से पानी का रिसाव, खराब या पुरानी वायरिंग, ढीले कनेक्शन और कमजोर अर्थिंग के कारण करंट फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने नागरिकों से समय-समय पर प्रमाणित इलेक्ट्रिशियन से घरेलू वायरिंग और अर्थिंग की जांच कराने तथा कटे-फटे तारों को तत्काल बदलने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं बिजली का तार, केबल या पोल टूटा हुआ दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और न ही उसे उठाने या हटाने का प्रयास करें, क्योंकि यह जानलेवा हो सकता है।
टूटे तार या पोल की तत्काल दें सूचना..
अधीक्षण अभियंता ने विद्युत उपभोक्ताओं से कहा है कि उनके क्षेत्र में कहीं बिजली का तार, केबल या पोल टूटा हुआ दिखाई दे तो उससे पर्याप्त दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दें।
विद्युत संबंधी शिकायत अथवा आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र कार्यालय में भी सूचना दी जा सकती है।


More Stories
शादी के नाम पर 4.10 लाख की ठगी का आरोप, लुटेरी दुल्हन समेत तीन गिरफ्तार..
हाईकोर्ट की सख्ती: सागर DIG और दमोह SP के खिलाफ 100-100 रुपए का जमानती वारंट..
नरसिंहगढ़ में 50 लाख की लागत से बनेगा शादी घर, भूमिपूजन संपन्न..