पेपरलेस निरीक्षण रिपोर्ट से जिला से प्रदेश स्तर तक एक क्लिक में पहुंचेगी जानकारी : कलेक्टर यादव..
3 सितंबर को पटेरा में आयोजित होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर, अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश..
दमोह। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों को लेकर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित स्थलों पर समय से पहुंचकर उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने बताया कि 3 सितंबर को जनपद कार्यालय पटेरा परिसर में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।
यह निर्देश कलेक्टर ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में दिए। बैठक में वन मंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पहली बार तैयार हो रही पेपरलेस निरीक्षण रिपोर्ट
कलेक्टर यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली बार मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पेपरलेस निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से निरीक्षण से संबंधित जानकारी जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान निरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता से किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सड़कों पर नहीं दिखना चाहिए गोवंश..
बैठक में कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के अधिकारियों को सड़कों पर गोवंश की मौजूदगी रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए सड़कों पर पाए जाने वाले गोवंश को गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को इसकी नियमित निगरानी करने तथा प्रतिदिन कितने गोवंश को गौशालाओं में भेजा गया, इसकी रिपोर्ट तैयार कराने के निर्देश दिए गए। उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग भी गोवंश शिफ्टिंग की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को पूर्व में खाद्यान्न दुकानों के किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट खाद्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
15 सितंबर को होगा बलराम महोत्सव..
कलेक्टर यादव ने बताया कि 15 सितंबर को बलराम महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने उपसंचालक कृषि को महोत्सव से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
शिविरों की जानकारी के लिए कराई जाए मुनादी..
कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के आयोजन से पहले संबंधित क्षेत्रों में मुनादी अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।


More Stories
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान
जनसुनवाई में 212 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश..
एंबुलेंस सेवा में लापरवाही पर ₹2.23 लाख का अर्थदंड, कलेक्टर ने दी सख्त हिदायत..