तेजगढ़ में शराब पीने से युवक की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती..
सागर से अवैध शराब लाए जाने का परिजनों ने लगाया आरोप, एसपी और एएसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी..
दमोह। तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुरा हरदुआ खुर्द में शराब पीने के बाद एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में परिजन और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बाद में हालत गंभीर होने पर युवक को सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि भगवान सिंह ने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों के अनुसार युवक के मुंह से झाग निकल रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद दमोह कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू की।
एसपी और एएसपी अस्पताल पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया सोमवार रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने चिकित्सकों से मरीज के स्वास्थ्य की जानकारी ली और पूरे मामले के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई।
परिजनों ने लगाया सागर से अवैध शराब लाने का आरोप
पीड़ित के परिजनों और पड़ोसियों ने आरोप लगाया कि गांव में सागर जिले से अवैध रूप से शराब लाई जाती है। उनका कहना है कि भगवान सिंह ने लाल रंग की शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और मुंह से झाग आने लगा।
हालांकि शराब जहरीली थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सागर के बंडा शराब कांड के बाद बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि हाल ही में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत का मामला सामने आया था। ऐसे में दमोह जिले में भी शराब पीने के बाद युवक की हालत बिगड़ने से कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं।
घटना के बाद दमोह पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक ने शराब कहां से खरीदी थी और शराब की प्रकृति क्या थी।
फिलहाल भगवान सिंह को दमोह जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामले की जांच के बाद ही शराब से तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


More Stories
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..