समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..
जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, ‘माटी गणेश’ के लिए चलेगा जनजागरूकता अभियान..
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सोमवार को समय-सीमा बैठक में जिले में चल रहे विकास, जनकल्याण और जनहित से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं ग्रामीण मार्गों की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रदर्शन पर शोकॉज नोटिस..
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा के दौरान लगातार तीन माह तक ‘सी’ एवं ‘डी’ ग्रेड में रहने वाले विभागों की स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को संबंधित विभाग प्रमुखों को कार्य में सुधार के लिए शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि निराकरण योग्य शिकायतों का तत्परता से समाधान किया जाए और फोर्स क्लोज योग्य प्रकरणों के प्रस्ताव नियमानुसार भेजे जाएं। एसडीएम को लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
‘सड़क से गौशाला’ अभियान में तेजी लाने के निर्देश..
कलेक्टर ने जिले में संचालित ‘सड़क से गौशाला’ अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सड़क पर विचरण करने वाले गौवंश और आम नागरिकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने हांका दल के माध्यम से सड़क पर मिलने वाले गौवंश को निकटतम गौशाला पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनपद पंचायत सीईओ और नगर पालिका सीएमओ को क्षेत्र में मुनादी कराकर पशु मालिकों को जानकारी देने के निर्देश दिए गए कि सड़क पर पाए जाने वाले गौवंश को गौशाला पहुंचाया जाएगा तथा संबंधित पशु मालिक से नियमानुसार पेनल्टी और शुल्क वसूला जाएगा। बिना अनुमति गौशाला से गौवंश छोड़े जाने पर रोक लगाने के संबंध में भी पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बटियागढ़ क्षेत्र में अभियान के बेहतर क्रियान्वयन की सराहना की गई, जबकि हिंडोरिया और पटेरा क्षेत्र में व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
सड़क, नाली और पुलिया की तत्काल हो मरम्मत..
कलेक्टर ने बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हुए मार्गों को शीघ्र आवागमन योग्य बनाने को कहा। कीचड़ और गड्ढों वाले रास्तों की मरम्मत के साथ जबलपुर स्टेट हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों में गड्ढे भरने तथा आवश्यक स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए गए। क्षतिग्रस्त नाली एवं पुलिया की भी तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया।
स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों का करें उपयोग..
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सीएमएचओ को सभी स्वास्थ्य केंद्रों को उपलब्ध मानव संसाधन एवं उपकरणों का समुचित उपयोग करते हुए क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। सीएमओ को जलभराव वाले क्षेत्रों और नालियों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा मच्छर नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अपने विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पात्र किसानों को प्राथमिकता से मिले खाद..
खाद वितरण की समीक्षा में निर्धारित शासकीय सोसायटियों में उपलब्धता की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने पात्र किसानों को नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में एक रैक खाद शीघ्र प्राप्त होने की जानकारी दी गई, जिसके वितरण में पात्रता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
बरपटी पहाड़ी से 15 दिन में हटेगा कचरा..
बरपटी पहाड़ी पर फैले कचरे को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। डीएफओ ने सीएमओ को कचरा हटाने का कार्य 15 दिवस में पूरा कराने के निर्देश दिए। समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बारिश के बाद बरपटी पहाड़ी क्षेत्र में पौधारोपण प्रस्तावित होने की जानकारी भी दी गई।
जनविश्वास अभियान और पेंशन प्रकरणों की समीक्षा..
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की ‘परख’ रिपोर्ट में चिन्हित कमियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उनका तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। दिव्यांगजनों के प्रमाणपत्र और पेंशन के पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरण सामने आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और जनपद पंचायत सीईओ को प्राथमिकता से मामलों का निराकरण करने को कहा।
सचिव एवं रोजगार सहायकों की नियमित बैठक लेकर सामाजिक न्याय से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान..
बैठक में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ सपनों का भारत’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘रंगोली राष्ट्र’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
वहीं 30 सितंबर को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शासकीय कार्यालयों में पौधारोपण किया जाएगा।
‘माटी गणेश’ के लिए चलेगा जनजागरूकता अभियान..
कलेक्टर ने बैठक में ‘माटी गणेश’ पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी मूर्तियों पर प्रतिबंध के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।
तीर्थ यात्रियों को समय पर मिलें टिकट..
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत चयनित श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों को समय पर टिकट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि स्टेशन पर टिकट का वितरण नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ करते हुए आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।


More Stories
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..
सत्ता में रहकर शासन के खिलाफ बोलना साहस की बात, भ्रष्टाचार उजागर करें पूर्व मंत्री-विधायक : नितिन मिश्रा..