गणेश विसर्जन के दौरान दमोह में चाकूबाजी की दो घटनाएं, पांच लोग घायल; पुलिस जांच में जुटी
दमोह। गणेश विसर्जन के दौरान दमोह शहर में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। महाकाली चौक के पास विसर्जन के लिए जा रहे गणेश उत्सव समिति के सदस्यों पर चाकू-कटर से हमला किया गया, वहीं टॉकीज चौराहा स्थित एसबीआई एटीएम के पास भी एक युवक पर चाकुओं से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं में कुल पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
महाकाली चौक के पास चार लोगों पर हमला
पहली घटना महाकाली चौक के पहले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सीताराम गणेश उत्सव समिति, स्टेशन क्षेत्र के सदस्य गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वहां किसी अन्य विवाद के बीच-बचाव के दौरान समिति से जुड़े चार लोगों पर चाकू या कटर से हमला कर दिया गया।
हमले में मधु गुरु, आकाश रैकवार, अतुल पटेल और करन नामदेव घायल हुए हैं। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों को उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल आकाश रैकवार ने बताया कि मौके पर पहले से कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। वे लोग बीच-बचाव करने पहुंचे थे, इसी दौरान अन्य लोगों ने उन पर भी हमला कर दिया।
समिति सदस्य सूरत कुमार अहीरवाल ने बताया कि समिति के सदस्यों का किसी विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। वे गणेश विसर्जन के लिए जा रहे थे और बीच-बचाव के दौरान उनके चार साथियों पर हमला कर दिया गया। उनके अनुसार हमलावरों के खजूरी मोहल्ला क्षेत्र से होने की जानकारी सामने आई है।
टॉकीज चौराहे के पास युवक पर चाकू से हमला
दूसरी घटना टॉकीज चौराहा स्थित एसबीआई एटीएम के पास सामने आई। यहां गणेश विसर्जन के दौरान दीपक चौरसिया नामक युवक पर चाकुओं से हमला किए जाने का आरोप है। घायल दीपक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
दीपक चौरसिया का आरोप है कि बच्चों के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करने के बाद करीब 8 से 10 लोगों ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। घायल ने छुटका, लुक्का और मोहित सहित करीब 8 से 10 लोगों पर हमला करने के आरोप लगाए हैं।दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों से पूछताछ कर घटनाओं की जानकारी ली। फिलहाल कोतवाली पुलिस दोनों मामलों में घटनाक्रम, विवाद के कारण और आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


More Stories
कुंडलपुर को मिलेगा धार्मिक-पर्यटन विकास का नया स्वरूप, राज्यमंत्री लोधी ने किया बड़ा ऐलान..
पुलिस कार्रवाई के बाद मौत से भड़का आक्रोश, शव लेकर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव..
हिंडोरिया में पुलिस कार्रवाई के दौरान 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत, अस्पताल में हंगामा..