कुंडलपुर में मेला लगना तय, रुक्मिणी माता मंदिर क्षेत्र में होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन..
दमोह। राधा अष्टमी के अवसर पर कुंडलपुर पहुंचे प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने रुक्मिणी माता मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि कुंडलपुर में मेला लगना तय है। रुक्मिणी माता मंदिर क्षेत्र में गोवर्धन पूजा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने जिन स्थानों पर लीलाएं की हैं, उन्हें चिन्हित कर जनहित में विकसित करने का संकल्प लिया गया है। ऐसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक इन स्थानों तक पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि कण-कण में परमेश्वर विराजमान हैं और समाज में सभी लोग समान हैं। कोई ऊंचा-नीचा नहीं है। उन्होंने सभी के सुखी, निरोगी और सफल जीवन की कामना करते हुए समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।
राज्यमंत्री ने कहा कि काशी, मथुरा सहित देश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी विकास कार्य किए जा रहे हैं। सनातन संस्कृति की परंपराओं और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में धार्मिक आयोजनों को लेकर उत्साह देखने को मिला।


More Stories
गणेश विसर्जन के दौरान दमोह में चाकूबाजी की दो घटनाएं, पांच लोग घायल; पुलिस जांच में जुटी..
पुलिस कार्रवाई के बाद मौत से भड़का आक्रोश, शव लेकर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव..
हिंडोरिया में पुलिस कार्रवाई के दौरान 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत, अस्पताल में हंगामा..