पितृ पक्ष में गूंजा श्रीमद्भागवत का अमृत संदेश, भव्य कलश यात्रा के साथ कथा का शुभारंभ..

Spread the love


पितृ पक्ष में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ..
भव्य कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, डीजे की धुन पर भजन करते हुए निकली शोभायात्रा..


दमोह। पितृ पक्ष के पावन अवसर पर शहर के हृदय स्थल घंटाघर के समीप श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। सात दिवसीय कथा का शुभारंभ रविवार को पुराना थाना स्थित मारवाड़ी मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद भव्य कलश यात्रा और शोभायात्रा के साथ हुआ। कथा का आयोजन 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक किया जा रहा है।


कलश यात्रा पुराना थाना स्थित मारवाड़ी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री देव जानकी रमण बूंदा बहू मंदिर पहुंची, जहां विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कथा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालु डीजे की धुन पर भजन-कीर्तन करते और नृत्य करते हुए चल रहे थे। यात्रा के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।


शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा कलश यात्रा का स्वागत किया गया। भक्तों ने पुष्पवर्षा कर एवं श्रद्धालुओं का स्वागत-सत्कार कर धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।


अयोध्या से पधारे रसदास महाराज..


आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का वाचन श्रीधाम अयोध्या से पधारे श्री श्री 108 श्री रसदास महाराज के मुखारविंद से किया जा रहा है। वे जगद्गुरु द्वाराचार्य श्री अग्र-मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास देवाचार्य महाराज के परम कृपापात्र महंत हैं।


कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्री देव जानकी रमण बूंदा बहू मंदिर में किया जा रहा है। पितृ पक्ष के दौरान आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का श्रवण कराया जा रहा है।


15 से अधिक यजमान, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता..


पंडित रामेश्वर शर्मा, मिक्की राजौरिया एवं पंडित मनोज ने बताया कि पितृ पक्ष के अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। कथा आयोजन में 15 से अधिक यजमान शामिल हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।


कलश यात्रा के साथ शुरू हुए इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर कथा श्रवण के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम भी जारी है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने की अपील की है।


About The Author