सिर्फ कॉरिडोर नहीं, बांदकपुर के समग्र विकास की मांग..
धर्मप्रेमियों ने उठाए जलभराव, पार्किंग, कांवड़ यात्रियों की सुविधा और धार्मिक स्थलों को जोड़ने के मुद्दे..
दमोह। बांदकपुर धाम में प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण को लेकर मंदिर ट्रस्ट कमेटी की बैठक में धर्मप्रेमियों ने केवल निर्माण कार्य की गति ही नहीं, बल्कि पूरे धार्मिक क्षेत्र के समग्र विकास का मुद्दा उठाया। जिलेभर से पहुंचे धर्मप्रेमियों ने कहा कि बांदकपुर को विकसित करते समय आने वाले वर्षों में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखकर स्थायी सुविधाएं तैयार की जानी चाहिए।
बैठक में जलभराव, पार्किंग, अतिक्रमण, कांवड़ यात्रियों की व्यवस्था, स्थानीय दुकानदारों का पुनर्वास, पुराने वृक्षों का संरक्षण और आसपास के धार्मिक स्थलों को कॉरिडोर से जोड़ने सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।
गोवर्धन पर्वत और रूहानिया क्षेत्र को जोड़ने की मांग
धर्मप्रेमियों ने मांग रखी कि कॉरिडोर का दायरा केवल मुख्य मंदिर परिसर तक सीमित नहीं रखा जाए। बांदकपुर के धार्मिक महत्व को देखते हुए गोवर्धन पर्वत, प्राचीन रूहानिया क्षेत्र और दादा नित्यानंद समाधि स्थल को भी कॉरिडोर की योजना में शामिल किया जाए।
उनका कहना था कि इन स्थलों को जोड़ने से बांदकपुर आने वाले श्रद्धालुओं को एक विस्तृत धार्मिक क्षेत्र उपलब्ध हो सकेगा और धाम की धार्मिक विरासत का संरक्षण भी हो सकेगा।
बारिश में जलभराव बना बड़ी चुनौती
बैठक में बांदकपुर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव को लेकर भी चिंता जताई गई। धर्मप्रेमियों ने कहा कि करोड़ों रुपये की विकास योजना में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
ट्रस्ट कमेटी की ओर से बताया गया कि जलभराव की समस्या के समाधान के लिए करीब 20 करोड़ रुपये का अलग प्लान तैयार किया जा रहा है। धर्मप्रेमियों ने इस योजना को जल्द धरातल पर लाने की मांग की।
पार्किंग और धर्मशाला की जरूरत पर जोर
बैठक में श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग और ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। धर्मप्रेमियों ने मंदिर ट्रस्ट की भूमि पर संचालित पेट्रोल पंप की लीज समाप्त होने के बाद उस भूमि का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए करने की मांग की।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि पेट्रोल पंप की लीज आगे नहीं बढ़ाई जा रही है और उक्त भूमि पर मल्टीस्टोरी धर्मशाला तथा पार्किंग विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।
कांवड़ यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था की मांग
सावन सहित धार्मिक आयोजनों के दौरान बांदकपुर पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या को देखते हुए उनके लिए अलग सुविधाएं विकसित करने की मांग भी सामने आई। धर्मप्रेमियों ने ठहरने, पेयजल, स्नान, भोजन, पार्किंग और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं को कॉरिडोर योजना में शामिल करने की मांग की।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि वर्तमान कॉरिडोर योजना में कांवड़ यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था का प्रावधान नहीं है। इस विषय पर आगे विचार करने की बात कही गई।
विकास में पुराने पेड़ और बगीचा बचाने की मांग
धर्मप्रेमियों ने विकास कार्यों के दौरान बांदकपुर के पुराने वृक्षों और मंदिर परिसर के बगीचे के संरक्षण की मांग भी रखी। उनका कहना था कि धार्मिक धरोहर के साथ प्राकृतिक विरासत को भी संरक्षित किया जाना चाहिए।
कॉरिडोर निर्माण में राजस्थानी लाल पत्थर के उपयोग की मांग भी बैठक में रखी गई, ताकि निर्माण में मजबूती के साथ धाम की धार्मिक पहचान भी बनी रहे।
अतिक्रमण हटाने और प्रभावित दुकानदारों को मुआवजे की मांग
कॉरिडोर निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए धर्मप्रेमियों ने यह भी कहा कि विकास कार्यों से प्रभावित होने वाले स्थानीय रहवासियों और छोटे दुकानदारों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
यदि किसी दुकान या भूमि पर विकास कार्य का प्रभाव पड़ता है तो संबंधित लोगों को उचित मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ट्रस्ट से लिखित आश्वासन की मांग
बैठक में उठाए गए मुद्दों पर धर्मप्रेमियों ने मंदिर ट्रस्ट कमेटी से लिखित आश्वासन की मांग की। उपस्थित लोगों के अनुसार अध्यक्ष और सदस्यों ने आश्वासन देने की बात कही, लेकिन खबर लिखे जाने तक लिखित आश्वासन उपलब्ध नहीं कराया गया।
आवेदन की पावती नहीं मिलने को लेकर भी कुछ धर्मप्रेमियों ने नाराजगी जताई। अब धर्मप्रेमियों की नजर इस बात पर है कि बैठक में सामने आए मुद्दों और ट्रस्ट की ओर से दिए गए आश्वासनों पर आगे क्या कार्रवाई होती है।
पेट्रोल पंप को लेकर लगाए गए आरोप
बैठक में कुछ सदस्यों ने पेट्रोल पंप संचालक के समर्थन में राजनीतिक दबाव बनाए जाने के आरोप भी लगाए। साथ ही पूर्व बैठक में प्रलोभन दिए जाने संबंधी दावे किए गए। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ट्रस्ट की ओर से भूमि वापस लेने और लीज आगे नहीं बढ़ाने की बात कही गई है।
बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी रहे मौजूद
बैठक में दिव्यांग भक्त कपिल मिश्रा, वरिष्ठ हाकम सिंह लोधी, सूर्यकांत द्विवेदी, उद्यम सिंह, चैन सिंह लोधी, अरविंद पाठक, मनोज गर्ग, आशय दुबे, अवध विश्वकर्मा, राजेश पटेल, मुकेश लोधी, दीपेश पाण्डेय, कार्तिक राजपूत, मगन वाजपेई, कैलाश सिंह, महेंद्र सिंह लोधी, अजय सिंह लोधी, त्रिलोक सिंह, अनिल वैरागी एडवोकेट, वेद दुबे, कमलेश समदरिया, राम गौतम सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।


More Stories
ऑपरेशन के दौरान सचिन अग्रवाल की मौत पर उठे सवाल, कलेक्टर ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश..
पितृ पक्ष में गूंजा श्रीमद्भागवत का अमृत संदेश, भव्य कलश यात्रा के साथ कथा का शुभारंभ..
हलगज-हिनौता घटना की न्यायिक जांच की मांग, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप..