युवा शक्ति से होगा समाज और राष्ट्र का निर्माण : राज्यमंत्री लोधी..
सेवा संकल्प अभियान की पावन कलश वंदन यात्रा तेंदूखेड़ा पहुंची, जगह-जगह हुआ स्वागत..
दमोह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानव सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा, समर्पण और जनकल्याण का संदेश लेकर बड़नगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प अभियान की पावन कलश वंदन यात्रा मंगलवार को जबेरा विधानसभा क्षेत्र के तेंदूखेड़ा पहुंची। यात्रा के आगमन पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और विभिन्न स्थानों पर बाइक सवारों का बैंड-बाजे एवं पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया।
यात्रा के जबेरा विधानसभा क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करने पर ग्राम झमरा में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने यात्रा में शामिल बाइक सवारों का स्वागत किया। इसके बाद तारादेही, समनापुर, धनगौर, चौरई और तारादेही तिराहे सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शाम 5 बजे गौशाला के समीप विद्यासागर सदन में स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम हुआ। यहां आयोजित सेवा संवाद को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश और समाज के सामने अनेक चुनौतियां हैं, जिनके समाधान में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं ने हमेशा समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है।
उन्होंने युवाओं से सामाजिक दायित्वों को समझने और देश के विकास में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। राज्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रसेवा, अनुशासन, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति समर्पण युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।
यात्रा प्रभारी कुलदीप जडेजा ने कहा कि मध्यप्रदेश में सेवा संकल्प अभियान का यह 12वां दिन है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिस आत्मीयता के साथ यात्रा का स्वागत किया जा रहा है, उससे वे अभिभूत हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान में सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता पर भी जोर दिया जा रहा है।
27 मील में आज पौधारोपण..
अभियान के तहत बुधवार 30 सितंबर को सुबह 11 बजे 27 मील पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। आयोजकों ने नागरिकों और युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। मंगलवार शाम भजन संध्या का आयोजन भी किया गया।


More Stories
पितृपक्ष में जटाशंकर मंदिर में गूंजा नंद के घर आनंद भयो, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में झूमे श्रद्धालु..
दमोह-कटनी फोरलेन को कैबिनेट की मंजूरी, 4,470 करोड़ से बनेगा 105.10 किमी लंबा मार्ग..
सिर्फ कॉरिडोर नहीं, बांदकपुर के समग्र विकास की मांग..