2 अक्टूबर को दमोह में उपवास-सत्याग्रह, 3 को भोपाल कूच करेंगे शिक्षक..

Spread the love

2 अक्टूबर को दमोह में उपवास-सत्याग्रह, 3 को भोपाल कूच करेंगे शिक्षक..


दमोह। टेट परीक्षा निरस्त करने, नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना करने और ई-अटेंडेंस को स्वैच्छिक करने सहित तीन मांगों को लेकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का आंदोलन जारी है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को दमोह जिला मुख्यालय पर उपवास एवं सत्याग्रह और 3 अक्टूबर को भोपाल पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने का निर्णय लिया गया है।


जेपी स्कूल में आयोजित संयुक्त मोर्चा की बैठक में पदाधिकारियों ने बताया कि 27 सितंबर से भोपाल के नीलम पार्क में संभागवार क्रमिक अनशन चल रहा है। 3 अक्टूबर को सागर संभाग की बारी है। इसमें दमोह जिले से अधिक से अधिक शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।


बैठक में निर्णय लिया गया कि गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को महाराणा प्रताप चौक स्थित कलेक्ट्रेट के सामने एक दिवसीय उपवास एवं सत्याग्रह किया जाएगा। इसके बाद 3 अक्टूबर को शिक्षक भोपाल पहुंचकर क्रमिक अनशन में शामिल होंगे।


संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि तीनों मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्धारित समय में मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो शिक्षक शालाओं में तालाबंदी जैसे कदम उठाने के लिए विवश हो सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।


बैठक में यह भी बताया गया कि संकुल स्तर पर शिक्षकों से टेट परीक्षा के आवेदन नहीं भरने को लेकर शपथ दिलाई जा रही है। संयुक्त मोर्चा से जुड़े विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बैठक में मौजूद रहे।

About The Author