सेवा ज्योति यात्रा से गूंजा विकसित भारत का संकल्प, जनप्रतिनिधियों ने कहा- 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाने में हर नागरिक दे योगदान..

Spread the love


सेवा ज्योति यात्रा से गूंजा विकसित भारत का संकल्प, जनप्रतिनिधियों ने कहा- 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाने में हर नागरिक दे योगदान..


दमोह में सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली सेवा ज्योति यात्रा; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण, जिला विकास पुस्तिका का वितरण..


दमोह। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत बुधवार को दमोह जिले की सभी विधानसभाओं के लिए ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में निकली सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, संकल्प और विकसित भारत का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, युवा, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और सेवा, जनकल्याण तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश लिया। इस अवसर पर जिला विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया।


हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में देना होगा योगदान : धर्मेंद्र सिंह लोधी..


प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को साकार करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक को देश, समाज और राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा, तभी विकसित भारत की संकल्पना को पूर्ण रूप से साकार किया जा सकेगा।


युवा शक्ति निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका..


राज्यमंत्री ने बड़ी संख्या में मौजूद विद्यार्थियों और युवाओं से कहा कि भविष्य के भारत की नींव युवा शक्ति के कंधों पर रखी जाएगी। युवाओं को शिक्षा के साथ देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने युवाओं से देश और समाज के लिए कार्य करने तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

2047 में भारत को विश्वगुरु बनाने का संकल्प : राहुल सिंह लोधी..


दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि किसी जननेता का सार्वजनिक जीवन जितना लंबा होता है, उसके कार्यों को सेवा के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय तक देश और समाज की सेवा की है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसी संकल्प को लेकर देशभर में सेवा ज्योति यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संकल्प कलश युवाओं को यह याद दिलाने का माध्यम है कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विश्वगुरु बनाने का लक्ष्य रखा गया है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन से नई ऊर्जा मिली है और ‘वी विल डू इट’ के संकल्प के साथ सभी को वर्ष 2047 के लक्ष्य की दिशा में योगदान देना होगा।


सेवा और समर्पण का प्रतीक है सार्वजनिक जीवन : जयंत मलैया..


दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसे लोग कम होते हैं, जो अपने संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ लगातार सेवा में जुटे रहते हैं।
उन्होंने गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय कई क्षेत्रों में सूखे की गंभीर स्थिति थी, विशेष रूप से कच्छ क्षेत्र बड़ी चुनौती से जूझ रहा था। इसके बावजूद विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देने का प्रयास किया गया।


महिलाओं के विकास पर विशेष जोर : उमा देवी खटीक..


हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से प्रेरणा लेते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने महिलाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के विकास की दिशा में किए जा रहे कार्य उल्लेखनीय हैं।


कठिन परिस्थितियों में मजबूत नेतृत्व : श्याम शिवहरे..


भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से गुजरात और देश के विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विभिन्न कठिन परिस्थितियों में मजबूत नेतृत्व देखा।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में सरकार द्वारा अनेक प्रयास किए गए हैं। आतंकवाद जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कठोर कदम उठाए गए।


प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण..


सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत आयोजित सेवा ज्योति अभियान कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और अन्य उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों ने सुना। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।


यह जनप्रतिनिधि रहे मौजूद..


कार्यक्रम में राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया, विधायक उमा देवी खटीक, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व विधायक पी.एल. तंतुवाय, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू कटारे, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में लोकेंद्र पटेल लकी, राजेंद्र गुरु, नरेंद्र व्यास, राजेंद्र सिंघई, गोपाल पटेल, महेश पटेल, रामेश्वर चौधरी, रमन खत्री, संजय सेन, राघवेंद्र सिंह परिहार, संजय यादव, अमित बजाज, सुमन उपाध्याय, मनीष सोनी, करण सिंह, भारत यादव, रानू नामदेव, श्यामा उरैती, कपिल शुक्ला, विनीता कुलस्ते, सुरेश पटेल, देवकीनंदन पटेल, दिलीप चौरसिया, कुसुम खरे, वर्षा रैकवार, प्रमोद विश्वकर्मा, बृजेन्द्र अहिरवार, राजेंद्र चौरसिया, रमाकांत बाजपेई, रिंकू गोस्वामी, संदीप शर्मा, अखिलेश घोषी, बृजेश लोधी, सुरेंद्र तोमर, बंटी दुबे, सौरव नेमा, सत्यपाल सिंह, मनोहर लोधी, देवेंद्र ठाकुर, राजेंद्र यादव, बलवंत ठाकुर, रमेश कुशवाहा, धर्मेंद्र ठाकुर, रोहित जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author