दमोह में बिजली विभाग का सघन चेकिंग अभियान, विद्युत चोरी के 8 प्रकरण दर्ज; 12 हीटर जब्त..

Spread the love

दमोह में बिजली विभाग का सघन चेकिंग अभियान, विद्युत चोरी के 8 प्रकरण दर्ज; 12 हीटर जब्त..

अवैध रूप से इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करते मिले 3 लोग, विभाग ने दर्ज किए प्रकरण; जिलेभर में अभियान जारी रखने की तैयारी..

दमोह। विद्युत चोरी और अनधिकृत रूप से बिजली के उपयोग पर रोक लगाने के लिए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा दमोह शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अधीक्षण अभियंता दमोह के निर्देशन में 6 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से बिजली विभाग की चार टीमों ने कसाई मंडी और आसपास के क्षेत्रों में जांच की।

चेकिंग के दौरान विभागीय टीमों ने विद्युत चोरी के 8 प्रकरण दर्ज किए। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों से 12 हीटर जब्त किए गए। जांच के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किए बिना इलेक्ट्रिक वाहनों को विद्युत कनेक्शन से चार्ज करते पाए जाने पर 3 प्रकरण भी दर्ज किए गए।

चार टीमों ने की सघन जांच

अभियान के दौरान दमोह शहर वितरण केंद्र के सहायक अभियंता राघवेन्द्र ईडपाची, सहायक अभियंता फरीद अंसारी, कनिष्ठ अभियंता शिवानी गुप्ता, हिण्डोरिया के कनिष्ठ अभियंता प्रदीप सिंह परिहार और नोहटा की कनिष्ठ अभियंता पूजा खोब्रागढ़े सहित विभागीय अमले ने कार्रवाई की।

जांच के दौरान जहां भी अनधिकृत रूप से विद्युत उपयोग पाया गया, वहां टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। विभाग के अनुसार कुछ उपभोक्ताओं द्वारा निर्धारित नियमों और स्वीकृत प्रावधानों के विपरीत विद्युत ऊर्जा का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए किया जा रहा था।

स्वीकृत लोड से अधिक उपयोग पर भी होगी कार्रवाई

अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। यदि किसी उपभोक्ता को अतिरिक्त विद्युत लोड की आवश्यकता है तो वह नियमानुसार लोड बढ़ाने के लिए आवेदन करे। जांच के दौरान स्वीकृत क्षमता से अधिक लोड पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित उपभोक्ता की होगी।

ई-वाहन चार्जिंग को लेकर भी विभाग सख्त

विद्युत विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों से अपील की है कि वाहनों की चार्जिंग केवल अधिकृत एवं निर्धारित चार्जिंग स्टेशन अथवा स्वीकृत विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही करें। अनधिकृत तरीके से बिजली लेकर वाहन चार्ज करने पर विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता ने बताया कि विद्युत चोरी की रोकथाम और इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग से संबंधित अनधिकृत विद्युत उपयोग की जांच का अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा।

About The Author