“जबेरा पुलिस की दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई, चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार; आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो दबोचे”

Spread the love


जबेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के मामले में दो माह से फरार आरोपी गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो आरोपी दबोचे..


चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद, आत्महत्या मामले में जांच के बाद दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ था प्रकरण..


दमोह। जबेरा थाना पुलिस ने अपराधों पर अंकुश लगाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में करीब दो माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।


चोरी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार..


पुलिस के अनुसार 9 अगस्त 2026 को जयवंत पिता जीवन सिंह गौड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी रौड़ थाना नोहटा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 अगस्त को ग्राम ककरहा सहसना तिगड्डा से अज्ञात व्यक्ति उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन चोरी कर ले गया है।
शिकायत पर थाना जबेरा में अपराध क्रमांक 223/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।


एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर के मार्गदर्शन में पुलिस ने रात्रि में दबिश देकर धम्मू उर्फ धर्मेन्द्र पिता परम चौधरी, निवासी जबेरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय दमोह में पेश किया गया, जहां से उसे जेआर पर भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल कीमत करीब 4,500 रुपये और मोबाइल फोन कीमत करीब 4,000 रुपये बरामद किया है।


आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में दो गिरफ्तार..


दूसरी कार्रवाई में जबेरा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2026 को ग्राम भजिया निवासी गनपत यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बेटे सोनू यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 58/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पंचनामा..

कार्रवाई की गई और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि मोनू झारिया और मौसम झारिया, दोनों निवासी भजिया, ने एक राय होकर मृतक को आत्महत्या के लिए उकसाया था। इसके बाद थाना जबेरा में अपराध क्रमांक 287/26, धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने रात्रि में दबिश देकर मोनू झारिया पिता संतोष झारिया उम्र 22 वर्ष और मौसम झारिया पिता संतोष झारिया उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी भजिया थाना जबेरा को गिरफ्तार कर न्यायालय दमोह में पेश किया, जहां से दोनों को जेआर पर भेजा गया।


पुलिस टीम की रही अहम भूमिका..


दोनों मामलों की कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास सिंह चौहान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चोरी के मामले में प्रधान आरक्षक 245 देवेंद्र, प्रधान आरक्षक 105 रामगोपाल, आरक्षक 272 शैलेन्द्र, आरक्षक अनमोल दीक्षित एवं आकाश साहू शामिल रहे। वहीं आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में प्रधान आरक्षक 342 रणधीर सिंह, प्रधान आरक्षक 559 वीरेन्द्र वाडेकर, प्रधान आरक्षक 105 रामगोपाल एवं आरक्षक 272 शैलेन्द्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

About The Author