चल समारोह को लेकर कोतवाली पुलिस अलर्ट, CCTV कैमरों से रहेगी निगरानी; हुड़दंग और नशा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
अखाड़ों में पारंपरिक शस्त्रों का प्रदर्शन निर्धारित सुरक्षित घेरे में ही होगा, DJ पर आपत्तिजनक गाने और जाति-धर्म से जुड़े नारों पर प्रतिबंध
दमोह। आगामी धार्मिक चल समारोह एवं विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए दमोह कोतवाली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने समितियों, आयोजकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित नियमों का पालन करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि चल समारोह के दौरान हुड़दंग, आतिशबाजी, नशे का सेवन, अभद्र व्यवहार और प्रतिबंधित गतिविधियां करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि चल समारोह के दौरान पुलिस बल तैनात रहेगा और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। आमजन को भी सचेत किया गया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा भड़काऊ हरकत दिखाई देने पर तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को इसकी जानकारी दें।
हुड़दंग, नशा और आपत्तिजनक नारों पर सख्ती..
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चल समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की आतिशबाजी, हुड़दंग या अमर्यादित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर चल समारोह में शामिल होने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समारोह में किसी भी व्यक्ति को शस्त्र लेकर शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।
डीजे संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे आपत्तिजनक गाने, भड़काऊ भाषण या जाति-धर्म से संबंधित विवादित नारेबाजी न करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी आयोजकों से संयमित और जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित करने की अपील की है
अखाड़ों में सुरक्षित घेरे में ही होगा शस्त्र प्रदर्शन..
चल समारोह में शामिल अखाड़ों के लिए भी सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। पारंपरिक शस्त्रों का प्रदर्शन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घेरे के अंदर ही किया जाएगा। इस दौरान दर्शकों और आम नागरिकों से पर्याप्त दूरी बनाए रखना अनिवार्य होगा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
पुलिस ने समितियों और श्रद्धालुओं से कहा है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें। रास्ते में अनावश्यक रूप से रुकने से बचें, जिससे पीछे आने वाली झांकियों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखने, धक्का-मुक्की नहीं करने तथा महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता देने की अपील भी की गई है।
चल समारोह मार्ग पर वाहन पार्किंग प्रतिबंधित..
व्यवस्था बनाए रखने के लिए चल समारोह मार्ग पर दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मार्ग में खड़े वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर जब्त किया जा सकता है। इससे जुलूस, झांकियों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहेगी।
यदि मार्ग से एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड या पुलिस का वाहन गुजरता है, तो नागरिकों को तत्काल रास्ता खाली करना होगा, ताकि आपातकालीन सेवाओं में कोई बाधा न आए।
विसर्जन घाट पर बैरिकेडिंग का पालन जरूरी..
विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं से बैरिकेडिंग के आगे नहीं जाने और गहरे पानी में नहीं उतरने की अपील की गई है। पुलिस ने घाट पर निर्धारित सुरक्षा सीमाओं का पालन करने को कहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मोबाइल, पर्स और आभूषणों की सुरक्षा खुद करें..
भीड़भाड़ के दौरान जेबकटी और चोरी जैसी घटनाओं से बचने के लिए लोगों को अपने मोबाइल, पर्स और आभूषणों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा है कि भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी की वारदात कर सकते हैं, इसलिए श्रद्धालु अपने सामान पर विशेष ध्यान दें।
कोतवाली पुलिस ने सभी धार्मिक समितियों, आयोजकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपेक्षा की है।
पुलिस द्वारा जनहित में जारी।


More Stories
दमोह: तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदी मां, मां समेत दो बच्चों की मौत, एक बच्ची बची..
त्योहारों की सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, जुलूस मार्ग से विसर्जन स्थल तक किया निरीक्षण..
कुसमी मानगढ़ में आदिवासी जमीन का मुद्दा गरमाया, कांग्रेस ने SDM को सौंपा ज्ञापन..