पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुआ शस्त्र पूजन, जनप्रतिनिधियों ने दिया शक्ति के साथ विवेक का संदेश..

Spread the love

पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुआ शस्त्र पूजन, जनप्रतिनिधियों ने दिया शक्ति के साथ विवेक का संदेश

राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी बोले— शस्त्र पूजन कर्तव्य और जिम्मेदारी का प्रतीक, सांसद राहुल सिंह लोधी ने शास्त्रों के अध्ययन को भी बताया जरूरी

दमोह। विजयादशमी के पावन पर्व पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को पुलिस लाइन दमोह में शस्त्र पूजन कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, हटा विधायक उमादेवी खटीक, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान शस्त्रों का पूजन एवं हवन कर सुख, शांति, समृद्धि और जिले में अमन-चैन बनाए रखने की कामना की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति में शस्त्र और शास्त्र के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शास्त्र मनुष्य को ज्ञान, विवेक और सही मार्ग दिखाते हैं, जबकि शस्त्र सत्य, न्याय और सुरक्षा की रक्षा करने की शक्ति प्रदान करते हैं। विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

शस्त्र पूजन शक्ति के साथ जिम्मेदारी का भी प्रतीक : राज्यमंत्री लोधी

राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति की प्राचीन और महत्वपूर्ण परंपरा है, जिसका निर्वहन आज भी श्रद्धा और सम्मान के साथ किया जाता है। शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति में शक्ति और शौर्य के साथ-साथ कर्तव्य एवं जिम्मेदारी के महत्व को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शस्त्र और शास्त्र का समन्वय जीवन में सत्य, न्याय और धर्म के मूल्यों को स्थापित करने की प्रेरणा देता है।

शस्त्रों के साथ शास्त्रों का अध्ययन भी जरूरी : सांसद राहुल सिंह लोधी

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में शस्त्र और शास्त्र दोनों का ज्ञान महत्वपूर्ण है। शस्त्र जहां शक्ति और सुरक्षा के प्रतीक हैं, वहीं शास्त्र ज्ञान, विवेक और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन को सही दिशा देने के लिए शास्त्रों का अध्ययन भी उतना ही आवश्यक है।

शस्त्र और शास्त्र दोनों का विशेष महत्व : विधायक उमादेवी खटीक

हटा विधायक उमादेवी खटीक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन की प्राचीन परंपरा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दमोह में भी यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जीवन में शास्त्र आवश्यक हैं, उसी प्रकार सत्य और न्याय की रक्षा के लिए शस्त्रों का महत्व भी है।

शस्त्रों के उपयोग की नौबत ही न आए : भाजपा जिला अध्यक्ष शिवहरे

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में सभी ने सहभागिता की। शस्त्र पूजन और हवन के माध्यम से ईश्वर से प्रार्थना की गई कि समाज में कभी ऐसी परिस्थिति उत्पन्न न हो, जब शस्त्रों का उपयोग करना पड़े। उन्होंने जिलेवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति बने रहने की कामना की।

शक्ति का उपयोग विवेक और संयम के साथ हो : कलेक्टर यादव

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जब समाज में अमन-चैन बना रहता है, तभी देश सुखी और समृद्ध होता है। शक्ति का उपयोग सदैव विवेक के साथ, सामर्थ्य का उपयोग धैर्य के साथ और अधिकारों का निर्वहन जवाबदेही के साथ किया जाना चाहिए। शस्त्र पूजन हमें शक्ति, संयम, विवेक और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने तथा समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

शास्त्र के साथ शस्त्र पूजन की भी परंपरा : एसपी कलादगी

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में पुलिस लाइन दमोह में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शास्त्र के साथ शस्त्र पूजन की भी परंपरा रही है, जो ज्ञान, शक्ति और कर्तव्य के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

जनप्रतिनिधियों ने दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव की कामना की। आयोजन में गौरव पटेल, अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, राघवेंद्र सिंह परिहार, रमाकांत बाजपेयी, सोनू यादव, दीपक मिश्रा, जुगल अग्रवाल, विक्रम राजपूत, वेद दुबे, रमाकांत गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author