दमोह पुलिस लाइन में जनरल परेड, एसपी आनंद कलादगि ने परखा जवानों का अनुशासन
उत्कृष्ट टर्नआउट वाले जवान पुरस्कृत, शस्त्र एवं बलवा ड्रिल का अभ्यास कराकर आपात स्थितियों से निपटने की दी गई ट्रेनिंग
दमोह। पुलिस विभाग में अनुशासन, कार्यकुशलता और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन दमोह में जनरल परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने परेड की सलामी ली और जवानों की वेशभूषा, साज-सज्जा तथा अनुशासन का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट और उच्च कोटि का अनुशासन प्रदर्शित करने वाले जवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
परेड की सलामी के बाद पुलिस अधीक्षक ने जवानों के टर्नआउट का निरीक्षण करते हुए उनकी वर्दी, साज-सज्जा और निर्धारित पुलिस अनुशासन के पालन का जायजा लिया। इसके बाद परेड ग्राउंड में विभिन्न टोलियों को ड्रिल कराई गई। इसमें जवानों के आपसी समन्वय, कदमताल, चाल-ढाल और मार्च पास्ट की सटीकता का परीक्षण किया गया।
शस्त्र और बलवा ड्रिल का कराया अभ्यास
जनरल परेड के दौरान जवानों को शस्त्र ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इस दौरान शस्त्रों के संचालन से जुड़ी तकनीकी बारीकियों की जानकारी देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति और आपातकालीन परिस्थितियों से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए बलवा ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया।
अभ्यास के दौरान जवानों को बॉडीगार्ड, जाली, हेलमेट सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों को कम समय में धारण करने की सिखलाई दी गई। इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस बल की तत्परता, सुरक्षा और समन्वय को बेहतर बनाना है।
जवानों की समस्याएं सुनीं, त्वरित निराकरण का आश्वासन
परेड समाप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
जनरल परेड के माध्यम से पुलिस बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता, शस्त्र संचालन और कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का जायजा लिया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित कर अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।


More Stories
दमोह में शराब से जुड़े तीन मामले: नरसिंहगढ़ में युवक की मौत, हिंडोरिया में तीन की तबीयत बिगड़ी; पथरिया में 16 लाख की शराब जब्त..
नोहटा पुलिस ने लूट और चार चोरियों का किया खुलासा, 13.72 लाख का सोना-चांदी बरामद..
पथरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पदम यादव हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार..