दमोह में पटाखा बाजार पहुंचे एसपी आनंद कलादगि, 50 से अधिक दुकानों का किया निरीक्षण; सुरक्षा में लापरवाही पर सख्त निर्देश..

Spread the love

दमोह में पटाखा बाजार पहुंचे एसपी आनंद कलादगि, 50 से अधिक दुकानों का किया निरीक्षण; सुरक्षा में लापरवाही पर सख्त निर्देश

फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बोरियां और पानी की व्यवस्था अनिवार्य, बाजार के अंदर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश; एसपी ने खुद खरीदे मिट्टी के दीये और पटाखे, स्थानीय कुम्हारों व छोटे व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील

दमोह। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दमोह पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (IPS) ने पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर मैदान में लगाए गए पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजार में संचालित 50 से अधिक पटाखा दुकानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्थाओं और आपातकालीन इंतजामों की जानकारी ली। एसपी ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखा बिक्री के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दुकानदारों को सख्त हिदायत

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पटाखा दुकानों में अग्निशमन यंत्र, रेत की बोरियां और पानी की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने सभी दुकानदारों को निर्देशित किया कि प्रत्येक दुकान पर पर्याप्त मात्रा में फायर एक्सटिंग्विशर, रेत और पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रत्याशित घटना या आगजनी की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

इसके साथ ही बाजार में आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम अधूरे मिलने पर संबंधित दुकानदारों को अगले दिन तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि पटाखा बाजार का संचालन शासन द्वारा निर्धारित नियमों और सुरक्षा गाइडलाइन के अनुरूप ही किया जाए।

पटाखा बाजार के अंदर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान बाजार परिसर में कुछ वाहनों के प्रवेश का मामला भी सामने आया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल को निर्देशित किया कि पटाखा बाजार के अंदर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह नियंत्रित किया जाए। सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए, जिससे बाजार में आने वाले लोगों को असुविधा न हो और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न न हो।

एसपी ने खुद खरीदे मिट्टी के दीये और पटाखे, स्थानीय व्यापारियों को दिया प्रोत्साहन

पटाखा बाजार के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि का एक अलग और संवेदनशील अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ स्वयं स्थानीय दुकानों से मिट्टी के दीये और पटाखे खरीदे। इस दौरान उन्होंने दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए जिलेवासियों से स्थानीय दुकानदारों, कुम्हारों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की।

एसपी ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। हम सभी को स्थानीय छोटे व्यापारियों और कुम्हारों से मिट्टी के दीये एवं दीपावली की सामग्री खरीदनी चाहिए, ताकि हमारे घरों के साथ-साथ मेहनत करके अपना परिवार चलाने वाले इन लोगों के घरों में भी खुशियों के दीप जल सकें। हमारी छोटी-सी खरीदारी उनके परिवारों की दीपावली को भी रोशन कर सकती है।

सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील, आपात स्थिति में डायल 112 पर दें सूचना

पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से भी अपील की कि दीपावली का पर्व उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक और निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुसार करें। किसी भी प्रकार की आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें।

इस दौरान देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण का उद्देश्य पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

About The Author