दमोह में वनकर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जानलेवा हमला, अवैध मिट्टी परिवहन रोकने पहुंचे बीट गार्ड को कुचला
बांसा क्षेत्र की बासनी बीट में मंगलवार शाम की घटना, घायल वनकर्मी जिला अस्पताल में भर्ती; वन विभाग ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर दर्ज किया वन अपराध
दमोह। जिले में अवैध खनन और वन संपदा के अवैध परिवहन पर रोक लगाने वाले सरकारी कर्मचारियों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार को पुलिसकर्मी पर हमले की घटना के बाद अब मंगलवार शाम वन विभाग के एक बीट गार्ड पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वन सीमा से बलुआ मिट्टी का अवैध परिवहन रोकने पहुंचे वनकर्मी को ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके पैर के ऊपर से निकाल दिया। घटना में वनकर्मी के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे दमोह वन मंडल अंतर्गत बांसा सर्कल की बासनी बीट की है। यहां पदस्थ 26 वर्षीय बीट गार्ड हर्ष राजपूत रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान सुरक्षा श्रमिक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि वन भूमि से बलुआ मिट्टी निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध रूप से परिवहन की जा रही है। सूचना मिलते ही बीट गार्ड हर्ष राजपूत सुरक्षा श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि मौके पर एक ट्रैक्टर चालक मिट्टी लेकर जा रहा था। वनकर्मी ने ट्रैक्टर को रोककर जांच करने का प्रयास किया और उसके सामने आकर उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर से वनकर्मी को टक्कर मार दी, जिससे वह नीचे गिर पड़े। इसके बाद ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया। वनकर्मी के साथ मौजूद सुरक्षा श्रमिकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसी बीच ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।
घटना के बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल बीट गार्ड को उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर आए। घटना की जानकारी मिलने पर दमोह डीएफओ ईश्वर जरांडे भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल वनकर्मी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
डीएफओ बोले- आरोपी चालक गिरफ्तार, वन अपराध दर्ज
दमोह डीएफओ ईश्वर जरांडे ने बताया कि बासनी बीट में अवैध रूप से बलुआ मिट्टी के परिवहन की सूचना पर वनकर्मी कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने बीट गार्ड को टक्कर मार दी और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके पैर के ऊपर से निकाल दिया। मामले में वन विभाग द्वारा वन अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी ट्रैक्टर चालक दीपक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज कराकर आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।
डॉक्टर ने बताया- घायल की हालत खतरे से बाहर
जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर विवेक राय ने बताया कि घायल वनकर्मी को पैर में चोट आने के बाद अस्पताल लाया गया था। उनके पैर में दो से तीन स्थानों पर चोटें हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है और उपचार जारी है।
वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने वन संपदा की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अवैध खनन और परिवहन रोकने के लिए जब वनकर्मी रात के समय गश्त और कार्रवाई करते हैं, तब इस तरह के हमले उनके लिए बड़ा खतरा बन रहे हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं बताती हैं कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के हौसले किस कदर बढ़ रहे हैं। अब देखना होगा कि वन विभाग और पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करते हैं।


More Stories
दस वर्षीय अभिषेक हत्याकांड में पुलिस को अहम सुराग, गांव का एक संदेही हिरासत में; डॉग स्क्वॉड ने घर तक पहुंचाया..
दमोह जिला अस्पताल में ICU बेड को लेकर विवाद, गंभीर मरीज को भर्ती करने से इनकार का आरोप, जबलपुर रेफर करने की दी सलाह..
दमोह में स्टेट हाईवे पर महिला की अस्मत से खिलवाड़ की कोशिश! 30 किलोमीटर तक पीछा कर कार को रोका, पति और दोस्तों से मारपीट, चार युवकों पर गंभीर आरोप..