समाज की भागीदारी से विकास कार्यों को मिलेगी और गति, राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया 14.50 लाख के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन..

Spread the love

समाज की भागीदारी से विकास कार्यों को मिलेगी और गति, राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया 14.50 लाख के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

बकायन में 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का किया निरीक्षण, शासकीय हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष और साइकिल स्टैंड का होगा निर्माण

दमोह। प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने शुक्रवार को दमोह जिले के ग्राम बकायन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रस्तावित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही शासकीय हाई स्कूल में 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन किया।

राज्यमंत्री लखन पटेल ने ग्राम बकायन में 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा उन्होंने शासकीय हाई स्कूल में 13 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष तथा 1 लाख 50 हजार रुपये की लागत से छात्र-छात्राओं के लिए निर्मित होने वाले साइकिल स्टैंड पार्किंग का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि शासन द्वारा क्षेत्र के विकास और आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। विकास कार्यों को और अधिक गति देने के लिए शासन के प्रयासों के साथ समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। जब जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और समाज के सभी वर्ग मिलकर सहयोग करते हैं, तो विकास के कार्य तेजी से और बेहतर तरीके से पूरे किए जा सकते हैं।

उन्होंने ग्रामीणों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से स्कूल और सामुदायिक भवन तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जनसहयोग से मिट्टी-मुर्रम की सड़क तैयार कराने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से गांव की बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।

ग्राम भ्रमण के दौरान राज्यमंत्री लखन पटेल ने बकायन स्थित प्राचीन इमला वाले हनुमान जी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान वेदराम पटेल, अरविंद पटेल, बकायन सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

About The Author

You may have missed