डीआईजी शशीन्द्र सिंह चौहान ने किया दमोह जिले का वार्षिक निरीक्षण, परेड की सलामी लेकर जवानों का बढ़ाया उत्साह..

Spread the love

डीआईजी शशीन्द्र सिंह चौहान ने किया दमोह जिले का वार्षिक निरीक्षण, परेड की सलामी लेकर जवानों का बढ़ाया उत्साह

पुलिस लाइन में जवानों के टर्नआउट का किया निरीक्षण, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत

पुलिस दरबार में सुनीं पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं, लंबित अपराधों के निराकरण और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

दमोह। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) श्री शशीन्द्र सिंह चौहान द्वारा दमोह जिले का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पुलिस लाइन से लेकर पुलिस कार्यालय एवं कोतवाली थाने तक पहुंचकर पुलिस विभाग की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वहीं पुलिस जवानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में ली परेड की सलामी

वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड से हुई। यहां डीआईजी श्री चौहान ने परेड की सलामी ली और पुलिस बल के टर्नआउट का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस जवानों की वर्दी, अनुशासन एवं परेड में उनकी तैयारी का जायजा लिया गया। उत्कृष्ट टर्नआउट का प्रदर्शन करने वाले जवानों को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया। डीआईजी ने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अनुशासन, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कराई आर्म्स ड्रिल

निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की कार्यक्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता का आकलन करने के उद्देश्य से जवानों से शस्त्र कवायद (आर्म्स ड्रिल) भी कराई गई। इसके माध्यम से पुलिस बल की तैयारी और शस्त्र संचालन संबंधी दक्षता का जायजा लिया गया।

इसके पश्चात डीआईजी श्री चौहान ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड, वाहन शाखा, रोजनामचा एवं रीडर शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं और अभिलेखों के संधारण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही शासकीय वाहनों की स्थिति का भी जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

पुलिस दरबार में जवानों से किया सीधा संवाद

वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस दरबार का आयोजन भी किया गया। इसमें डीआईजी श्री चौहान ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। पुलिसकर्मियों द्वारा रखी गई समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस दरबार के माध्यम से जवानों को अपनी समस्याएं वरिष्ठ अधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिला।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान डीआईजी श्री शशीन्द्र सिंह चौहान ने पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर को हरा-भरा बनाए रखने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोतवाली थाने का किया निरीक्षण

पुलिस लाइन के निरीक्षण के बाद डीआईजी श्री चौहान पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं कोतवाली थाने पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यालयीन और थाना स्तर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न शासकीय अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, लंबित अपराधों की स्थिति तथा पुलिसिंग से जुड़ी अन्य गतिविधियों की समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित अपराधों का समयबद्ध निराकरण करने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और पुलिस कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पुलिसिंग व्यवस्था में सतर्कता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बनाए रखने पर जोर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित जिले का पुलिस अमला रहा मौजूद

डीआईजी के वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्री एच.आर. पाण्डेय सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वार्षिक निरीक्षण के माध्यम से पुलिस विभाग की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, पुलिस बल की तैयारियों, कार्यालयीन कार्यप्रणाली और पुलिसिंग गतिविधियों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान जवानों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही विभागीय व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

About The Author

You may have missed