दमोह में सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर प्रशासन सख्त, 21 कॉलेज और 80 स्कूल होंगे ड्रग फ्री जोन..

Spread the love

दमोह में सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर प्रशासन सख्त, 21 कॉलेज और 80 स्कूल होंगे ड्रग फ्री जोन

तीन नए पार्किंग स्थल और 10 बस स्टॉप किए जाएंगे विकसित, ब्लैक स्पॉट पर होगा सड़क सुधार; लोक सेवा गारंटी और सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

दमोह। जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, यातायात को व्यवस्थित करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की तैयारी की है। मंगलवार को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति एवं नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य, नए बस स्टॉप, पार्किंग व्यवस्था और शैक्षणिक संस्थानों को ड्रग फ्री जोन बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। वहीं नगरीय क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को देखते हुए तीन नए पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बनाई गई है। इन स्थानों की साफ-सफाई और समतलीकरण कराकर जल्द शुरू करने के निर्देश नगरपालिका को दिए गए हैं।

शहर में बसों के अनियमित रूप से कहीं भी खड़े होने से यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए 10 नए बस स्टॉप विकसित किए जाएंगे। चिन्हित स्थानों पर बस स्टॉप के साथ आवश्यकतानुसार शेड और शौचालय निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा पुरानी और जर्जर इमारतों का निरीक्षण कर अनुपयोगी भवनों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया है।

21 कॉलेज और 80 स्कूल होंगे ड्रग फ्री जोन

बैठक में नशामुक्ति अभियान को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। शासन के निर्देशानुसार शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर के दायरे को ड्रग फ्री जोन घोषित किया जाना है। इसके तहत जिले के लगभग 21 कॉलेज और 80 स्कूल चिन्हित किए गए हैं। इन सभी संस्थानों में एंटी ड्रग्स कमेटी और ड्रग्स निगरानी समिति का गठन किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 10 दिनों के भीतर सभी स्कूल एवं कॉलेजों में कमेटियों का गठन कर ड्रग फ्री जोन घोषित करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके बाद विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास के लिए जिले में रिहैबिलिटेशन सेंटर शुरू करने की कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा की गई।

लोक सेवा गारंटी और सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त

इधर, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कार्रवाई का रुख अपनाया है। निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण नहीं करने पर जिले के विभिन्न तहसीलों में पदस्थ तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों सहित कई अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

नोटिस प्राप्त करने वालों में दमोह, सिंग्रामपुर, अभाना, हिंडोरिया, दमयंतीनगर, हिरदेपुर, पटेरा, कुम्हारी, लुहारी, हटा, बटियागढ़, फतेहपुर, पथरिया, जबेरा, बनवार और नोहटा क्षेत्र में पदस्थ राजस्व अधिकारी शामिल हैं।

इसी प्रकार सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने पर एसडीएम तेंदूखेड़ा, प्रभारी सीईओ जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा छोटेगिरी गोस्वामी, तहसीलदार डॉ. विवेक व्यास, जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चौरसिया, बीईओ बटियागढ़ वीरेंद्र श्रीवास्तव तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग छगन सिंह बामनिया को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

तीन दिन में जवाब देने के निर्देश

कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को दूरभाष, पत्र, ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद आवेदनों का निराकरण नहीं किया गया।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा बाह्य लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने और तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

इस प्रकार जिला प्रशासन ने एक ओर सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर कार्ययोजना तैयार की है, वहीं दूसरी ओर सरकारी सेवाओं और जन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों से जवाब तलब किया है।

About The Author

You may have missed