होलिका दहन के पहले मंत्री प्रहलाद का पुतला फुंकने से बचाया..
दमोह- पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा दिए गए भिखारी वाले वक्तव्य को लेकर कांग्रेस सडक़ पर उतर आई है। हटा ब्लॉक कांग्रेस व पथरिया ब्लॉक कांग्रेस द्वारा पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन होलिका दहन के पहले पुलिस ने प्रहलाद का पुतला फुंकने से बचा लिया।
गुरुवार को हटा में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। हटा नगर के राय चौराहे पर मंत्री प्रहलाद पटेल के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाकर पुतला दहन किया । वहीं मौके पर मौजूद हटा पुलिस ने दमकल वाहन से कांग्रेसियों पर पानी की बौछार की और पुतला छीन लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा प्रदेश की जनता के लिए अपमानजनक भाषा और भिखारी शब्द के उपयोग के विरोध में यह प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता दीपेश पटेरिया ने मंत्री प्रहलाद पटेल पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश कांग्रेस आव्हान पर मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला फूंका। कुछ दिन पूर्व एक सभा में उन्होंने जनता को भिखारी कहा था। जब जनता वोट देती है जिसके कारण आप पद पर आए हैं और आज जब यह नेता पदों पर आते हैं और जनता आपने कार्यों के लिए उनके पास जाती है तो उन्हें भरे मंच से भिखारी कहते हैं जो उनके अहंकार पूर्ण रवैया को दर्शाता है। आज प्रदेश में चारों ओर भय भ्रष्टाचार भूख का आतंक है। इस दौरान कांग्रेस नेता घनश्याम यादव नीलू पाठक योगेश सराफ दीपेश पटेरिया बृजेश गुप्ता राजेश यादव समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
मंत्री प्रहलाद को बर्खास्त करने की मांग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया द्वारा मंत्री प्रहलाद पटेल के विरोध में राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार पथरिया को सौंप कर मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की गई। वही कांग्रेसियों के द्वारा मंत्री का पुतला दहन करने का भी प्रयास किया गया। हालांकि पुतला दहन करने से पहले ही पुलिस ने कांग्रेसियों से पुतला छीन कर जलने से बचा लिया। मंत्री के बयान को लेकर पथरिया ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल के इस बेतुके बयान से मध्यप्रदेश की छ: करोड़ जनता का अपमान हुआ है। आज जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। लोकतंत्र में जहां चुने हुए व्यक्ति को महात्मा गांधी ने जन सेवक की उपाधि दी थी। शासन को जगाने के लिए आज पथरिया ब्लाक कांग्रेस के द्वारा तहसील परिसर में मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला दहन कर महामहिम राज्यपाल को तहसीलदार पथरिया के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें मंत्री प्रहलाद पटेल को बर्खास्त करने की मांग की गई।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..