दीवान जी की तलैया में जनसहयोग से सफाई अभियान जारी, कलेक्टर ने किया मुरम के उपयोग हेतु रॉयल्टी भुगतान का आह्वान..
दमोह, 24 मई 2025:
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत दमोह जिले में दीवान जी की तलैया की सफाई का कार्य जनसहयोग से निरंतर जारी है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि तलैया की सफाई में पोकलेन और हाईवा मशीनों का लगातार उपयोग हो रहा है, जिससे तेजी से कार्य संपन्न किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि तलैया से निकाली जा रही मिट्टी अत्यंत उपजाऊ है और यह खेतों तथा बागवानी कार्यों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से अपील की कि वे अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आ सकते हैं और वहां से मिट्टी ले जा सकते हैं। इसके लिए रैंप आदि की पूरी व्यवस्था की गई है।
हालांकि, यदि कोई व्यक्ति मुरम का उपयोग करना चाहता है, तो उसे इसके लिए नियमानुसार रॉयल्टी का भुगतान करना होगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि रॉयल्टी भुगतान की प्रक्रिया को सरल करते हुए विंडो सिस्टम के माध्यम से तुरंत अनुमतियां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे इच्छुक व्यक्ति समयबद्ध तरीके से मुरम प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि जो नागरिक रॉयल्टी का भुगतान नहीं करना चाहते, वे केवल मिट्टी ले सकते हैं, जिससे उनके खेतों की उर्वरता बढ़ेगी और साथ ही तलैया की सफाई में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी से इस अभियान में भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास जल संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम है।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..