वर्षा ऋतु में गर्भवती महिलाओं के लिए जिला प्रशासन सतर्क,11 से 14 जून तक रोजगार शिविर..

Spread the love

वर्षा ऋतु में गर्भवती महिलाओं के लिए जिला प्रशासन सतर्क, सुरक्षित प्रसव हेतु दिशा-निर्देश जारी | 11 से 14 जून तक रोजगार शिविर, कलेक्टर ने युवाओं से की भागीदारी की अपील

दमोह – मानसून के आगमन से पहले दमोह जिला प्रशासन ने दूरस्थ अंचलों में निवासरत गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाए हैं। कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्षा ऋतु के दौरान आवागमन बाधित होने की स्थिति में किसी भी गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके, इसके लिए समयपूर्व स्थानांतरण और सतत निगरानी की समुचित व्यवस्था की जाए।

गर्भवती महिलाओं की सूची, काउंसलिंग और समयपूर्व स्थानांतरण पर जोर

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्भावस्था के 7वें, 8वें और 9वें माह में पहुंच चुकी महिलाओं, विशेषकर जो हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की श्रेणी में आती हैं, उनकी पहचान की जाए। आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और सुपरवाइज़रों की मदद से एक सर्वे करवाकर ऐसी महिलाओं की सूची बनाई जाएगी जो पहाड़ी, वनांचल, नदी के पार या अन्य दुर्गम क्षेत्रों में रहती हैं।

इन महिलाओं और उनके परिवारों की व्यक्तिगत काउंसलिंग की जाएगी ताकि उन्हें वर्षा ऋतु के जोखिम समझाए जा सकें और समय रहते उन्हें सुरक्षित स्थानों जैसे मायका, नजदीकी परिजन के घर, बर्थ वेटिंग रूम या अस्पताल में स्थानांतरित किया जा सके।

108 एंबुलेंस और जननी वाहनों की अग्रिम व्यवस्था

स्थानांतरण के लिए 108 एंबुलेंस और जननी एक्सप्रेस वाहनों की अग्रिम व्यवस्था की जाएगी। ग्राम स्तर पर वाहन की उपलब्धता को लेकर मैपिंग भी करवाई जाएगी ताकि आपात स्थिति में तत्काल सुविधा मिल सके।

मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही तय

कलेक्टर ने डॉ. रीता चटर्जी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी को इस अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सीएमएचओ कार्यालय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। यदि किसी महिला को समय पर इलाज न मिलने से कोई गंभीर स्थिति बनती है और जांच में लापरवाही सिद्ध होती है, तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी। समस्त कार्यवाहियाँ 15 जून 2025 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।


11 से 14 जून तक 4 स्थानों पर रोजगार शिविर, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

कलेक्टर श्री कोचर ने युवाओं से रोजगार शिविरों में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि पिछले युवा संगम में 2266 युवाओं को रोजगार मिला था। उसी की कड़ी में अब एल एंड टी (L&T) और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियाँ दमोह जिले में विशेष भर्ती ड्राइव आयोजित कर रही हैं।

एल एंड टी ने 29 व 30 मई को तेंदूखेड़ा, हटा, जबेरा और पटेरा में शिविर लगाए जिसमें 400 से अधिक युवाओं का चयन हुआ। चयनित युवाओं को प्रशिक्षण लखनादौन (सिवनी) में दिया जाएगा और फिर प्लेसमेंट किया जाएगा।

अब अगली भर्ती ड्राइव टाटा मोटर्स द्वारा चलाई जाएगी, जिसमें 2000 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। शिविर का आयोजन निम्नानुसार किया जाएगा:

11 जून – पथरिया

12 जून – हटा

13 जून – जबेरा

14 जून – तेंदूखेड़ा

18 से 23 वर्ष की आयु के युवा, जो कम से कम 12वीं पास, आईटीआई या स्नातक हैं, वे इस भर्ती अभियान में हिस्सा ले सकते हैं। कलेक्टर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और शिविर में जरूर भाग लें।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com