राजाबंदी पुलिया के पास दर्दनाक सड़क हादसा: नवविवाहित युवक अभिषेक सेन की मौत
ससुराल जाते वक्त हुआ हादसा, अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
दमोह, हटा:
पटेरा-हटा मुख्य मार्ग पर स्थित राजाबंदी पुलिया के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवोदय वार्ड हट्टा निवासी 25 वर्षीय युवक अभिषेक सेन की मौके पर ही मौत हो गई। अभिषेक हाल ही में 25 अप्रैल को विवाह के बंधन में बंधा था और अपनी ससुराल ग्राम झाला झुमरी मोहन्द्रा जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिषेक की बाइक को किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत विधायक प्रतिनिधि दिलीप पटेल को दी, जो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस के साथ ही पटेरा थाना पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पटेरा थाना से मुंशी रूपलाल रजक और आरक्षक चंद्रकांत पांडे मौके पर पहुंचे और प्राथमिक जांच शुरू की। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। अभिषेक की असामयिक मृत्यु से उसका परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की मांग करते हुए अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र पहचान कर सख्त कार्रवाई की अपील की है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..