ग्राम मेनवार में रास्ता बना मुसीबत, तीन साल से बारिश में बंद हो जाता है संपर्क मार्ग..
दमोह (बटियागढ़ जनपद पंचायत)। ग्राम पंचायत मेनवार के ग्रामीणों की जिंदगी हर साल बरसात में थम जाती है। गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला एकमात्र कच्चा रास्ता बारिश लगते ही कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते पर करीब 1 किलोमीटर तक घना कीचड़ हो जाता है। अगर कोई बीमार हो जाए, तो उसे चारपाई पर उठाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। गांव में लगभग 40-50 लोग रहते हैं, जिनमें 20-25 किसान हैं, जो जैविक खेती करते हैं। किसान थम्मन सिंह लोधी का कहना है कि “हम लोग सब्जियां मंडी तक ले जाने के लिए जूझते रहते हैं। कई बार फसलें समय पर नहीं पहुँच पातीं, जिससे नुकसान होता है।”
ग्रामीणों का कहना है कि तीन साल से इस समस्या को लेकर कई बार मंत्री जी के पास भी गुहार लगाई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। इस साल भी सचिव और सरपंच ने कहा था कि बरसात से पहले मुरम डाल दी जाएगी, लेकिन अब बारिश शुरू हो चुकी है और कोई काम नहीं हुआ।
ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल खुलने से पहले रास्ता पक्का करवा दिया जाए, जिससे बच्चों को पढ़ाई में दिक्कत न हो और गांव की बाकी समस्याएं भी कम हों।
ग्रामीणों की ओर से जिला प्रशासन और कलेक्टर महोदय से अपील की गई है कि इस रास्ते का स्थायी समाधान जल्द निकाला जाए, ताकि हर साल की परेशानी से राहत मिल सके।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..