दमोह में 100 डायल आरक्षक और पायलट पर जानलेवा हमला, जिंदा जलाने की कोशिश
दमोह।
दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पैरवारा गांव से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 100 डायल पायलट मनोज राजपूत और आरक्षक बलराम सिंह लोधी (375) पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल मारपीट की बल्कि उन्हें ट्रैक्टर में बांधकर जिंदा जलाने की कोशिश की और उन पर फायरिंग भी की गई।
घटना उस वक्त हुई जब आरक्षक और पायलट किसी सूचना पर पैरवारा गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद करीब 25 से 30 लोगों ने पहले दोनों के साथ मारपीट की, फिर फायरिंग करते हुए उन्हें पकड़ लिया और ट्रैक्टर में आग लगाकर जलाने की कोशिश की। साथ ही, जबरन शराब पिलाने का भी आरोप सामने आया है।

किसी तरह जान बचाकर भागे पायलट और आरक्षक, घटना की सूचना थाना प्रभारी बृजलाल पटेल को दी, और फिर दोनों सीधे दमोह स्थित पुलिस अधीक्षक निवास पहुंचे। एसपी सोमवंशी को पूरी जानकारी देने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एसडीओपी, थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली टीआई मनीष कुमार, 100 डायल प्रभारी नकुल सोनी, एसआई आर.के. गोस्वामी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना में घायल पायलट और आरक्षक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर यू वी रेड्डी द्वारा इलाज जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हमले का मुख्य आरोपी ध्रुव सिंह बताया जा रहा है। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर टीम भेज दी गई है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पैरवारा गांव में इस हमले से दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..