पैरवारे कांड के मुख्य आरोपी ध्रुव सिंह लोधी ने सीजेएम कोर्ट दमोह में किया आत्मसमर्पण..

Spread the love

पैरवारे कांड के मुख्य आरोपी ध्रुव सिंह लोधी ने सीजेएम कोर्ट दमोह में किया आत्मसमर्पण

दमोह — दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैरवारे में दो दिन पूर्व जमीनी विवाद की सूचना पर पहुंचे डायल 100 वाहन के पायलट और आरक्षक के साथ हुई मारपीट के मामले में बड़ी प्रगति सामने आई है। इस घटना के मुख्य आरोपी ठेकेदार ध्रुव सिंह लोधी ने गुरुवार को दोपहर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) दमोह की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

सूचना मिलते ही मगरोन थाना प्रभारी श्री पटेल एवं एसडीओपी पथरिया रघु केसरी न्यायालय पहुँचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा आरोपी के लिए तीन दिन की पुलिस रिमांड का अनुरोध किया गया, जिस पर न्यायालय ने दो दिन की रिमांड स्वीकृत कर दी। अब आरोपी से पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जाएगी।

वीडियो जारी कर रखा पक्ष

आत्मसमर्पण से पहले ध्रुव सिंह लोधी ने एक वीडियो बयान जारी कर अपना पक्ष सार्वजनिक किया। उन्होंने बताया कि वे कभी भी पुलिस या प्रशासन के विरोध में नहीं रहे हैं और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। ध्रुव सिंह ने दावा किया कि वे शासन के नियमों के तहत ही ठेकेदारी व्यवसाय संचालित करते हैं।

उन्होंने कहा कि घटना के दिन वह ग्राम में आयोजित एक जन्मदिन पार्टी में शामिल थे, उसी समय पुलिस पहुंची और विवाद के बारे में पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को स्पष्ट किया कि ग्राम में कोई विवाद नहीं हुआ है और न ही वह किसी घटना में शामिल हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें डायल 100 स्टाफ के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं है।

वीडियो में ध्रुव सिंह लोधी ने अधिकारियों से अपील की कि उनके व्यवसाय का संरक्षण किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कानून का पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

पुलिस का कड़ा रुख बना आत्मसमर्पण का कारण

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक दमोह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। पुलिस द्वारा सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और परिजनों से भी पूछताछ की गई। माना जा रहा है कि पुलिस की सख्त कार्यवाही और दबाव के चलते आरोपी ध्रुव सिंह लोधी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण करना ही उचित समझा।

पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि पैरवारे गांव में दो दिन पूर्व जमीनी विवाद की सूचना मिलने पर डायल 100 वाहन पहुंचा था। वहां मौजूद पायलट और आरक्षक के साथ मारपीट की गई थी। इस संबंध में मगरोन थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी और तभी से पुलिस इस मामले में संलिप्त आरोपियों की तलाश कर रही थी।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com