रात्रि कालीन बस स्टैंड पर चाकू से हमला, दो आरोपी फरार – डॉक्टरों की तत्परता से निकाली गई पेट में फंसी चाकू
दमोह। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात हमलावरों ने एक 17 वर्षीय किशोर राज अहिरवार निवासी गोपुरा पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में चाकू किशोर के पेट में फंस गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया।

घटना के बाद सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र सिंह, शल्य चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन, डॉ. राजकुमार पटेल, डॉ. आरएस राजपूत समेत मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर चाकू को सफलतापूर्वक बाहर निकाला, जिससे घायल किशोर को जबलपुर रेफर करने की नौबत टल गई और उसकी जान बच गई।
मौके पर सिटी कोतवाली टीआई मनीष कुमार, सब-इंस्पेक्टर सियाराम, एएसआई राकेश पाठक, एएसआई अलजार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद व अजित सहित पुलिस बल ने पहुंचकर घायल से जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास अहिरवार (जो घायल का मित्र है) और उसका साथी मोनू राजपूत चाय पीने बस स्टैंड पर आए थे, वहीं किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मोनू ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी एक स्प्लेंडर बाइक से मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गों पर चेकिंग शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम में टीआई मनीष कुमार की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी, जिसके बाद कलेक्टर सुधीर कुमार कोचिंग के निर्देश पर घायल का इलाज दमोह में ही कराया गया।
CM की योजना का भी परीक्षण
घायल को अस्पताल लाने वाले एक अज्ञात व्यक्ति के बारे में भी चर्चा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा घोषित योजना के तहत किसी भी घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को ₹25,000 की इनाम राशि दी जाती है। अब देखना होगा कि यह इनाम उस व्यक्ति को मिल पाता है या नहीं।
अस्पताल में संसाधनों की कमी उजागर
इस घटनाक्रम ने जिला अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। ऑपरेशन के दौरान जरूरी इंस्ट्रूमेंट्स की कमी के कारण कुछ आवश्यक सामग्री बाहर से मंगवानी पड़ी। यह सामग्री पत्रकार अजीत ठाकुर के माध्यम से उपलब्ध कराई गई, जिससे ऑपरेशन सफल हो सका। इससे यह सवाल भी उठता है कि क्या जिला अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं या फिर मौजूद होने के बावजूद मरीजों से मंगवाए जाते हैं?
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..