जिले में संचालित अपंजीकृत पैथोलॉजी लैबों पर गिरी गाज, सील करने के निर्देश जारी
दमोह।
दमोह जिले में अवैध रूप से संचालित हो रही प्राइवेट पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा निरीक्षण उपरांत की गई कार्रवाई के तहत कई अपंजीकृत लैबों को चिह्नित किया गया है। इन लैबों को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संबंधित संचालकों द्वारा निर्धारित समयावधि में कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया।
CMHO ने अब जिले के पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमित प्रकाश जैन, डॉ. प्रकाश सोनी, लैब तकनीशियन योगेश जाट एवं सौरभ खरे (जिला चिकित्सालय दमोह) को आदेशित किया है कि वे इन अपंजीकृत लैबों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें।
जिन लैबों को म.प्र उपचार्यगृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनाएं (रजिस्ट्रीकरण तथा अनुज्ञापन) अधिनियम 1973 का उल्लंघन करते हुए पाया गया है, उनमें शामिल हैं:
अली पैथोलॉजी
नूरी पैथोलॉजी
मिल्टन लैब
निदान पैथोलॉजी
क्योरवेल पैथोलॉजी
बंधन डायग्नोस्टिक कलेक्शन सेंटर
सिद्वी विनायक पैथोलॉजी
जय पैथोलॉजी
फातिमा नर्सिंग होम पैथोलॉजी
नेमा पैथोलॉजी
आनंद डायग्नोस्टिक सेंटर
दमोह पैथोलॉजी लैब
इन सभी लैबों को सील करने की कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी दमोह के समन्वय से की जाएगी। आदेश के अनुसार, उक्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इन लैबों को तत्काल प्रभाव से सील कर कार्रवाई की विस्तृत जानकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें।
जिले में यह कार्रवाई स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन को ठगी व गलत रिपोर्टिंग से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि स्वास्थ्य क्षेत्र में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..