दमोह जिले के विभिन्न थानों का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण, पुलिस अधीक्षकों ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा..
दमोह।
पुलिस महानिदेशक, मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार समस्त राजपत्रित अधिकारियों को थानों का निरीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में दिनांक 15 जून 2025 की रात्रि 12 बजे से प्रातः 5 बजे तक दमोह जिले के पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक 01 श्री संदीप मिश्रा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक 02 श्री सुजीत सिंह भदौरिया द्वारा जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थानों में जप्ती माल, हथियार, गोला-बारूद एवं राईट ड्रिल सामग्री के रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही थानों की हवालातों की सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई भी जांची गई। थानों में संधारित किये जाने वाले विभिन्न रजिस्टरों की भी गहनता से जांच की गई, यह सुनिश्चित किया गया कि सभी रजिस्टर समयानुसार अपडेट हैं या नहीं। इसके अतिरिक्त CCTV कैमरों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों ने लंबित सी.एम. हेल्पलाइन शिकायतों एवं जनसुनवाई की समस्याओं का शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश भी संबंधित थाना प्रभारियों को दिए।

इसी क्रम में अनुभागीय गश्त के तहत SDOP तेंदूखेड़ा, SDOP पथरिया, SDOP हटा एवं CSP दमोह द्वारा क्रमशः थाना जबेरा, मगरोन, हटा एवं कोतवाली दमोह का भी निरीक्षण किया गया। इन अधिकारियों ने भी स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था, थाना अभिलेख, जनशिकायतों एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

पुलिस विभाग द्वारा रात्रिकालीन इस औचक निरीक्षण की पहल से थाना स्तर पर अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..