दल-दल में तब्दील हुई आमचौपरा की मुख्य सड़क, ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी..

Spread the love

दल-दल में तब्दील हुई आमचौपरा की मुख्य सड़क, ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी
स्कूल, मंदिर और अस्पताल पहुंचना बना चुनौती, प्रशासन से जल्द सुधार की मांग

दमोह
दमोह विकासखंड के आमचौपरा क्षेत्र में स्थित चोपरा रैयतवारी स्कूल से शिवनगर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों दल-दल में तब्दील हो गई है। इस खराब सड़क के कारण हजारों ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, बीमार लोगों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रास्ता एक कठिन चुनौती बन गया है।

बरसात के दिनों में यह सड़क किसी कीचड़ भरे तालाब से कम नहीं लगती।
ग्रामीण कुसुम खरे बताती हैं कि यह सड़क आमचौपरा को दमोह शहर से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति बद से बदतर हो गई है। उन्होंने कहा, “यह सड़क अब हमारे लिए नासूर बन चुकी है। रोज इस पर चलना मजबूरी है, लेकिन हर कदम पर जान जोखिम में पड़ जाती है।”

ग्रामीण डॉक्टर नगीना खान ने बताया कि इस समस्या की जानकारी शांति समिति की बैठक में स्वयं कलेक्टर साहब को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

ग्रामीण शशि रैकवार का कहना है कि, “हम लोग जब मंदिर जाते हैं, तो स्नान कर पवित्र होकर निकलते हैं, लेकिन मंदिर तक पहुंचने से पहले ही कीचड़ में सना पड़ता है।”

सुधा यादव नामक एक अन्य ग्रामीण महिला ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति अचानक बीमार पड़ जाए, तो उसे अस्पताल ले जाने के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। दल-दल कीचड़ में वाहन फंस जाते हैं, जिससे जान जोखिम में पड़ जाती है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पानी की निकासी और सड़क सुधार का जिम्मा भी अब ग्रामीणों ने खुद उठा लिया है। स्थानीय लोग अपने स्तर पर गड्ढों को भरने और जल निकासी की व्यवस्था करने में जुटे हैं, जो प्रशासन की निष्क्रियता को दर्शाता है।
आमचौपरा की यह सड़क न केवल आवागमन का माध्यम है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक गतिविधियों की जीवन रेखा भी है। यदि समय रहते इसका सुधार नहीं हुआ, तो यह क्षेत्र पूरी तरह से संपर्कविहीन हो सकता है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तत्काल संज्ञान ले और सड़क निर्माण का कार्य प्राथमिकता से शुरू किया जाए।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com