बांदकपुर की प्राचीन बावड़ी में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2025’ का भव्य समापन..

Spread the love

बांदकपुर की प्राचीन बावड़ी में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2025’ का भव्य समापन
डॉ. कुसमरिया बोले- यह अभियान अभी थमा नहीं, आगे दिखेगा असर | विधायक मलैया ने बताया जलस्तर बढ़ाने में होगा मददगार

दमोह।
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर स्थित लगभग 300 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी में जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 का आज भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि यह अभियान केवल समापन का रूपक है, वास्तव में इसका कार्य भविष्य में और भी प्रभावशाली तरीके से दिखेगा। उन्होंने कहा, “बावड़ी का कायाकल्प एक प्रेरणादायक पहल है और यह अभियान निश्चित ही जल संरक्षण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।”

पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा कि अभियान के माध्यम से जिले के अनेक जल स्रोतों का गहरीकरण, सौंदर्यीकरण और पुनर्जीवन हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे भूमिगत जलस्तर में वृद्धि होगी और आने वाले समय में जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रीति ठाकुर ने बताया कि “बांदकपुर की यह ऐतिहासिक बावड़ी जल गंगा अभियान की बदौलत पुनर्जीवित हुई है। अब यहां बड़ी संख्या में लोग दर्शन और भ्रमण के लिए आ रहे हैं।” उन्होंने स्वच्छता कार्यों में लगे सभी कर्मचारियों को साधुवाद ज्ञापित किया।

समाजसेवी भाव सिंह लोधी ने कहा कि यह अभियान जिले की धरोहरों को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन को इस सराहनीय प्रयास के लिए धन्यवाद दिया।

एसडीएम आर. एल. बागरी ने बताया कि “बावड़ी की साफ-सफाई और संरचना का कार्य स्थानीय लोगों के सहयोग से किया गया, जो सामुदायिक सहभागिता का आदर्श उदाहरण है।”

कार्यक्रम की प्रमुख झलकियाँ:

जल गंगा अभियान के अंतर्गत पुनर्जीवित बावड़ी के कायाकल्प का किया गया अवलोकन।

जल संरक्षण में विशेष योगदान देने वाले जल दूतों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम प्रतिवेदन सीईओ जनपद पंचायत हलधर मिश्रा ने प्रस्तुत किया।

संचालन विपिन चौबे एवं आभार कृष्णा पटेल द्वारा व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर धर्मेंद्र पटेल, चटन पटेल, बृजेश सिंह ठाकुर, राजकुमार जैन, सुशील गुप्ता, गोपाल खरे, वीरेंद्र पुरोहित, पं. छोटेलाल गौतम, पुजारी सीतु पंडा, पं. उमाशंकर चौबे, मंदिर प्रबंधक रामकृपाल पाठक, सरपंच सुनील डबुल्या, इंजीनियर सौरभ ठाकरे, राजेंद्र उपाध्याय, अमित अहिरवार, नितिन जैन, डीडी वैन, सचिव हरिशंकर पटेल सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com