सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई..

Spread the love

सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई

दमोह पुलिस कंट्रोल रूम में सम्मान समारोह आयोजित, एसपी सोमवंशी ने कहा— सेवा काल स्मरणीय और प्रेरणादायक रहा

दमोह, 30 जून 2025।
दमोह जिले के पुलिस विभाग में पदस्थ एक अधिकारी और पाँच कर्मचारियों को आज 62 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के उपरांत पुलिस परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे नए पुलिस नियंत्रण कक्ष में संपन्न हुआ, जहाँ पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया।

सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों में शामिल हैं:

  1. मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक श्री विजय अहिरवार (उप पुलिस अधीक्षक, हेड क्वार्टर)
  2. कार्यवाहक प्रधान आरक्षक नारायण जाट (प्र.आर. 654)
  3. कार्यवाहक प्रधान आरक्षक हीरालाल सेन (प्र.आर. 408)
  4. कार्यवाहक प्रधान आरक्षक उत्तमलाल पटैल (प्र.आर. 237)
  5. कार्यवाहक प्रधान आरक्षक भागीरथ अहिरवार (प्र.आर. 398)
  6. आरक्षक किशोरीलाल गौड (आर. 263)

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत भदौरिया, प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री अभिनय साहू समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी सेवानिवृत्तजनों को स्मृति चिन्ह, सेवानिवृत्ति दस्तावेज (अवकाश नगदीकरण, बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी आदि) भेंट करते हुए हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं।

पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने अपने उद्बोधन में कहा, “आप सभी की सेवा अवधि 38 से 42 वर्षों तक की रही है, जो कि न केवल लंबी बल्कि अत्यंत सराहनीय, निष्ठापूर्ण और अनुकरणीय रही है। आपने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण से किया, जो हम सभी के लिए प्रेरणास्पद है।”

उन्होंने आगे कहा, “आपकी सेवा के दौरान जो गरिमा और अनुशासन आपने बनाए रखा, वह आने वाले अधिकारियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा। सेवानिवृत्ति कोई अंत नहीं बल्कि एक नए जीवन का शुभारंभ है। हम कामना करते हैं कि आप अपने परिवार के साथ एक स्वस्थ, शांतिपूर्ण और सुखद जीवन व्यतीत करें। यदि भविष्य में कभी कोई समस्या आती है तो पुलिस विभाग हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा।”

कार्यक्रम में सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने सेवानिवृत्तजनों को पुष्पगुच्छ, उपहार व शुभकामनाओं के साथ सम्मानपूर्वक विदाई दी।


About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com