हेमंत विजय खंडेलवाल बने मध्यप्रदेश भाजपा के 29वें प्रदेशाध्यक्ष, सत्ता-संगठन के समन्वय की दिखी मिसाल
हेमंत खंडेलवाल होगे मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और सीएम मोहन यादव की अगुवाई में हुआ चयन
दमोह/भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया नेतृत्व मिल गया है। बैतूल विधायक और पूर्व सांसद हेमंत विजय खंडेलवाल को पार्टी का 29वां प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। यह फैसला संगठन और सत्ता के मजबूत समन्वय के संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की निर्णायक भूमिका रही, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सार्वजनिक रूप से खंडेलवाल को मंच तक पहुंचाकर अपने समर्थन की मुहर लगाई।
नामांकन में दिखा सत्ता-संगठन का तालमेल
नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के इशारे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडेलवाल को मंच की ओर बढ़ाया और स्वयं उनके प्रस्तावक बने। खंडेलवाल मंच पर पहुंचे और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, निर्वाचन अधिकारी विवेक शेजवलकर तथा पर्यवेक्षक सरोज पांडे की मौजूदगी में निर्विरोध नामांकन दाखिल किया। माना जा रहा है कि बुधवार सुबह 10:30 बजे पार्टी कार्यालय में आयोजित होने वाली बड़ी बैठक में उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
संगठन महामंत्री के संकेत और भविष्य की दिशा
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हेमंत खंडेलवाल की नियुक्ति से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश भाजपा की राजनीति अब संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेगी। उनके इशारे पर मुख्यमंत्री का मंच संचालन और खंडेलवाल को आगे लाना इस गठजोड़ की पुष्टि करता है। आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों की कमान अब इस नए शक्ति संतुलन के हाथों में रहेगी।
नेताओं की उपस्थिति और अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय
इस अवसर पर मंच पर वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र खटीक, गोपाल भार्गव सहित अधिकांश बड़े नेता मौजूद रहे। हालांकि, पार्टी के प्रमुख चेहरे कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्रा, कमल पटेल और सुधीर गुप्ता इस दौरान अनुपस्थित रहे, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
राजनीतिक संतुलन की मिसाल: क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का क्रम
भाजपा के संगठनात्मक इतिहास पर नजर डालें तो खंडेलवाल का अध्यक्ष बनना मध्य क्षेत्र को पुनः नेतृत्व देने जैसा है। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान मई 2005 से फरवरी 2006 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे थे। खंडेलवाल मध्य क्षेत्र से दूसरे नेता हैं जिन्हें यह दायित्व मिला है।
क्षेत्र प्रदेशाध्यक्षों की संख्या
मालवा-निमाड़ 8 बार
ग्वालियर-चंबल 4 बार
महाकौशल 2 बार
मध्य क्षेत्र 2 बार (शिवराज, हेमंत)
खंडेलवाल की राजनीतिक यात्रा
नाम: हेमंत विजय खंडेलवाल
जन्म: 3 सितंबर 1964, मथुरा (उत्तर प्रदेश)
शिक्षा: B.Com, LL.B.
व्यवसाय: अधिवक्ता, व्यवसायी, राजनेता
पारिवारिक पृष्ठभूमि:
पिता विजय खंडेलवाल बैतूल से सांसद रहे। उनके निधन (2008) के बाद हुए उपचुनाव में हेमंत खंडेलवाल सांसद बने।
राजनीतिक अनुभव:
2008-09: सांसद, बैतूल (14वीं लोकसभा)
2013-18: विधायक, बैतूल
2023-वर्तमान: पुनः विधायक, बैतूल
भाजपा संगठन में पद:
भाजपा जिला अध्यक्ष, बैतूल
पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष, भाजपा
वर्तमान अध्यक्ष, कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट
बैतूल में मनाया गया जश्न
प्रदेशाध्यक्ष बनने की खबर मिलते ही बैतूल भाजपा कार्यालय विजय भवन में कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी, आतिशबाजी की, और एक-दूसरे को बधाइयाँ दीं। खंडेलवाल के समर्थन में सड़कों पर उत्सव का माहौल देखने को मिला।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..