“स्वैच्छिकता पर्व 2025” में समाजसेवी संस्थाओं का हुआ सम्मान, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कार्यों को बताया सराहनीय
पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, जल संरक्षण व रक्तदान जैसे विषयों पर कार्य को मिली सराहना
दमोह।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को दमोह जनपद पंचायत सभागार में “स्वैच्छिकता पर्व 2025” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, जल संरक्षण और रक्तदान जैसे विषयों पर किया जा रहा कार्य प्रशंसनीय और अनुकरणीय है।

मंत्री श्री लोधी ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर सभी को वृक्ष संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी हम सबकी है। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों जैसे छुआछूत और बाल विवाह के उन्मूलन के लिए निरंतर जनजागरण की आवश्यकता बताई।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने परिषद की स्थापना से जुड़े अनुभव साझा करते हुए इसे सरकार और समाज के बीच एक मजबूत सेतु बताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने बाल विवाह और दहेज प्रथा के विरुद्ध जन अभियान चलाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. मंजू धर्मेंद्र कटारे ने स्वयंसेवियों की सेवाभावना को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का कारण बताया।

बाल कल्याण समिति अध्यक्ष दीपक तिवारी ने अपने उद्बोधन में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी आंदोलन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए स्वयंसेवी संगठनों को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कृष्णा पटेल ने किया, वहीं जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील नामदेव ने परिषद की गतिविधियों की जानकारी देते हुए आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर वंदना जैन, पुष्पा सिंह, उमाशंकर उपाध्याय, हरीश पांडे सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब समाज और शासन एक साथ चलते हैं, तब परिवर्तन की दिशा में ठोस परिणाम सामने आते हैं।



More Stories
हस्ताक्षर अभियान के साथ टीम उम्मीद का 18वां स्वच्छता अभियान सम्पन्न..
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..