रोजगार मेले के नाम पर ठगी पर सख्त हुए कलेक्टर कोचर, बोले – योजना पूरी तरह निशुल्क, झांसे में न आए युवा
शिकायतों के बाद दर्ज होंगी FIR, ठगों पर होगी कड़ी कार्रवाई
दमोह, 07 जुलाई 2025।
जिले में “युवा संगम रोजगार मेला” के नाम पर युवाओं से पैसे वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रोजगार मेले से जुड़ी सभी सेवाएं सरकार द्वारा निशुल्क प्रदान की जाती हैं, ऐसे में किसी को भी किसी प्रकार का पैसा देने की जरूरत नहीं है।
कलेक्टर कोचर ने बताया कि बीते दिनों 4 से 5 युवाओं ने शिकायत की कि उनसे पंजीयन या चयन प्रक्रिया के नाम पर पैसे मांगे गए और कुछ ने भ्रमित होकर पैसे भी दे दिए। जैसे ही यह जानकारी प्रशासन को मिली, तुरंत संबंधित युवाओं को बुलाकर समझाया गया कि यह पूरी प्रक्रिया सरकारी है और किसी भी स्तर पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता।
उन्होंने कहा, “युवा संगम रोजगार मेला निजी कंपनियों और युवाओं को जोड़ने का माध्यम है ताकि युवाओं को अच्छे रोजगार के अवसर मिल सकें। लेकिन दुर्भाग्यवश, कुछ असामाजिक तत्व इस पहल का गलत फायदा उठाकर युवाओं को ठगने की कोशिश कर रहे हैं।”
कलेक्टर ने यह भी बताया कि इन घटनाओं की जांच की जा रही है और जिन व्यक्तियों ने फर्जी कॉल या प्रतिनिधित्व कर पैसे वसूले हैं, उनके खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की जाएगी।
युवाओं से अपील करते हुए कलेक्टर कोचर ने कहा, “कृपया किसी भी झांसे में न आएं। रोजगार मेला पूरी तरह से निशुल्क है – न पंजीयन शुल्क, न प्रशिक्षण शुल्क, और न ही किसी अन्य प्रकार का खर्च। यदि किसी के साथ इस प्रकार की ठगी हुई है, तो तुरंत जिला प्रशासन से संपर्क करें। प्रशासन आपके साथ है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..