दमोह जिले में नहीं थम रहा अवैध शराब का धंधा: संगठन की सतर्कता से पुलिस ने दो मामलों में की कार्रवाई..

Spread the love

दमोह जिले में नहीं थम रहा अवैध शराब का धंधा: संगठन की सतर्कता से पुलिस ने दो मामलों में की कार्रवाई..

दमोह। जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने में प्रशासन नाकाम नजर आ रहा है, लेकिन सामाजिक संगठन भगवती मानव कल्याण संगठन की सतर्कता से लगातार पुलिस को सफलता मिल रही है। बीते दिनों पटेरा थाना और मगरोन थाना क्षेत्र में संगठन की सूचना पर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 05 पेटी अवैध शराब और 50 पाव देशी शराब जप्त कर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पटेरा थाना क्षेत्र में बोलेरो गाड़ी से मिली 5 पेटी अवैध शराब..

पटेरा थाना अंतर्गत संगठन सदस्यों ने बोलेरो वाहन में भारी मात्रा में शराब की तस्करी होते देख तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गणेश सिंह लोधी निवासी जबेरा को गिरफ्तार किया और वाहन से 5 पेटी अवैध शराब जब्त की। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिले में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिसकी जानकारी पुलिस और आबकारी विभाग को होने के बावजूद कार्यवाही नहीं होती। संगठन ने यह भी कहा कि अवैध शराब के चलते गांवों का माहौल बिगड़ रहा है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और महिलाओं में भय का वातावरण है। संगठन ने मांग की कि अवैध शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।

मगरोन थाना क्षेत्र में दुर्गा चालीसा पाठ के दौरान मिली शराब तस्करी की सूचना..

वहीं दूसरी ओर मगरोन थाना क्षेत्र में भी संगठन की सक्रियता देखने को मिली। दुर्गा चालीसा पाठ में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं को रास्ते में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखा, जो संगठन सदस्यों को देखकर भागने लगा। शक होने पर संगठन ने तुरन्त इसकी सूचना मगरोन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घेराबंदी कर हरिराम साहू निवासी सगरोन और सुबरन सिंह निवासी बकस्वाहा को पकड़ा और उनके कब्जे से 50 पाव लाल मसाला देशी शराब जप्त की। दोनों आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया है।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान की माँग

लगातार सामने आ रहे इन मामलों से स्पष्ट है कि दमोह जिले में अवैध शराब का धंधा अभी भी पूरे जोर पर है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर शराब माफियाओं पर कड़ी कार्यवाही की जाए ताकि गांवों का माहौल सुधरे और युवा पीढ़ी को नशे से बचाया जा सके।

About The Author