एमएलबी स्कूल में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” थीम पर लोगो का हुआ लोकार्पण..

Spread the love

एमएलबी स्कूल में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” थीम पर लोगो का हुआ लोकार्पण..
जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे और कलेक्टर सुधीर कोचर ने किया शुभारंभ, छात्राओं में दिखा उत्साह..

दमोह, 08 जुलाई 2025
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (एमएलबी स्कूल) में मंगलवार को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” थीम पर आधारित विशेष लोगो का लोकार्पण किया गया। इस सराहनीय पहल की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे और कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक सोनवलकर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

विद्यालय को मिली नई पहचान
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने प्राचार्य डॉ. आलोक सोनवलकर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “दमोह में डॉ. सोनवलकर एक चिर-परिचित शिक्षाविद हैं। उन्होंने एमएलबी स्कूल के लिए एक विशेष लोगो बनवाकर जिले को एक नई पहचान दी है। यह लोगो न केवल छात्राओं की पहचान बनेगा बल्कि ‘बेटी है तो कल है’ जैसे स्लोगन से समाज को भी प्रेरित करेगा।”

कलेक्टर ने की खुले दिल से सराहना
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि यह पहल जिले के लिए एक मिसाल है। उन्होंने कहा, “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की थीम पर आधारित यह लोगो निश्चित रूप से प्रेरणादायक है। इस पर लिखा गया है – ‘बेटी है तो कल है, आज की बेटी कल की माँ है और ज्ञान से विवेक की ओर, कन्या का सम्मान – विद्यालय का अभिमान’, यह बेहद सशक्त संदेश है। इस लोगो को छात्राएं अपने बैच, ड्रेस और मार्कशीट पर भी उपयोग करेंगी, जिससे उनमें गर्व की भावना विकसित होगी।”

छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया
कार्यक्रम के दौरान आर.बी.एस.के. (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) की टीम द्वारा विद्यालय की सभी छात्राओं का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस संबंध में कलेक्टर कोचर ने कहा कि “जो भी स्वास्थ्य समस्याएं सामने आएंगी, उनके उपचार की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि हर मंगलवार को छात्राओं व स्टाफ को आयरन की गोली दी जाए, ताकि एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।”

समापन पर दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर और जिलाध्यक्ष ने विद्यालय प्रशासन और प्राचार्य डॉ. सोनवलकर को इस अभिनव प्रयास के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि अन्य विद्यालय भी इससे प्रेरणा लेंगे।


About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com