दमयंती नगर में 7 दिन में शुरू हो सड़क-नाली निर्माण, जनपद CEO ने समिति को दिए निर्देश..
दमोह।
दमयंती नगर गृह निर्माण सहकारी समिति को जनपद पंचायत दमोह के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हलधर मिश्रा ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि समिति अपने सदस्यों से विकास शुल्क एकत्र कर आगामी 7 दिवसों में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य प्रारंभ कराए। यदि समिति यह कार्य करने में असमर्थ है, तो विकास शुल्क की राशि ग्राम पंचायत को सौंपी जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने यह निर्देश 10 जुलाई को ग्राम पंचायत चौपराखुर्द के निरीक्षण के दौरान दिए। निरीक्षण के समय दमोह हेल्पलाइन नंबर 5475 के माध्यम से शिकायतकर्ता किशोरीलाल यादव एवं मनोज पांडे ने बताया कि दमयंती नगर कॉलोनी में बारिश का पानी घरों में घुस रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
हलधर मिश्रा ने कहा कि चूंकि यह कॉलोनी एक गृह निर्माण सहकारी समिति के अंतर्गत आती है, इसलिए वहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति की जिम्मेदारी है। प्लॉट धारकों से विकास शुल्क लेकर सड़क व नाली जैसी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ और कोई दुर्घटना घटती है, तो पूरी जिम्मेदारी समिति की होगी।
जनपद सीईओ की इस चेतावनी के बाद अब देखने वाली बात यह होगी कि दमयंती नगर समिति कितना गंभीरता से इस दिशा में कदम उठाती है। कॉलोनीवासियों को उम्मीद है कि अब जल्द ही उन्हें जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..