मगरमच्छ हमले के बाद कलेक्टर ने दिये कड़े निर्देश — जलस्रोतों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के आदेश
दमोह।
थाना नोहटा क्षेत्र अंतर्गत नदी में मगरमच्छ के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत के बाद कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के सभी संवेदनशील जलस्रोतों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि पूर्व में भी संबंधित विभागों को चेतावनी व सावधानी बोर्ड लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, ताकि जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि इन निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।
जलस्रोतों की पहचान और संवेदनशीलता सूचीबद्ध होगी
कलेक्टर ने वन मंडलाधिकारी और समस्त एसडीएम से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के नदी, तालाब, डेम और अन्य जलस्रोतों की पहचान करें और उनकी संवेदनशीलता के आधार पर सूची तैयार करें। जिन स्थलों को “उच्च जोखिम क्षेत्र” माना जाएगा, वहां मगरमच्छ की उपस्थिति की संभावना अधिक रहने से विशेष सतर्कता बरती जाएगी। वन विभाग को ऐसे जलस्रोतों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्पष्ट चेतावनी बोर्ड और संकेतक यंत्र लगेंगे
चिन्हित स्थलों पर बड़े फॉन्ट में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर लिखा होगा —
“सावधान! इस जलस्रोत में मगरमच्छ की उपस्थिति संभव है, कृपया जल में प्रवेश न करें।”
पर्यटक या धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त रिफ्लेक्टिव साइनेज की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
स्नान, तैराकी और पशु स्नान पर रहेगा प्रतिबंध
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर मगरमच्छ की मौजूदगी पाई गई है, वहां तैराकी, स्नान, मछली पकड़ना और पशु स्नान जैसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। गांव स्तर पर निगरानी दल बनाकर स्थानीय स्तर पर भी नियंत्रण व्यवस्था की जाएगी।
निगरानी व बचाव के लिए वन विभाग सतर्क
वन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू टीम तैनात रखी जाए।
संयुक्त समन्वय बैठक व जनजागरूकता अभियान
कलेक्टर ने कहा कि अनुविभागीय अधिकारी, वन विभाग, पंचायत, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर क्षेत्रवार कार्ययोजना बनाई जाए।
साथ ही, मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में समन्वय बनाकर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..