तेज आंधी-तूफान से हॉकर्स जोन में हुए नुकसान को लेकर व्यापारियों ने सौंपा सांसद व कलेक्टर को ज्ञापन..

Spread the love

तेज आंधी-तूफान से हॉकर्स जोन में हुए नुकसान को लेकर व्यापारियों ने सौंपा सांसद व कलेक्टर को ज्ञापन

दमोह।
गत सप्ताह आई तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने दमोह जिले में जनजीवन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी गहरा असर डाला। विशेष रूप से जगदीश टॉकीज स्थित हॉकर्स जोन में आंधी के कारण लगाए गए टीन शेड उड़ जाने से वहां के छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

इसी समस्या को लेकर मध्य प्रदेश लघु व्यापारी संघ के बैनर तले दर्जनों व्यापारी मंगलवार को दमोह सांसद राहुल सिंह के निवास पहुंचे और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने बताया कि टीन शेड उड़ने के कारण अब उनकी दुकानों में बारिश का पानी भर रहा है, जिससे व्यापार बाधित हो गया है। साथ ही, गंदगी और बिजली-पानी की व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है।

सांसद राहुल सिंह ने व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तुरंत नगर पालिका सीएमओ से चर्चा कर हॉकर्स जोन में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।

इसके बाद व्यापारी प्रतिनिधिमंडल जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा और कलेक्टर के नाम भी ज्ञापन सौंपा। उन्होंने हॉकर्स जोन की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए मूलभूत सुविधाएं — टीन शेड, बिजली, पानी और सफाई — शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।

मप्र लघु व्यापारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री तनुज पाराशर ने कहा कि हॉकर्स जोन में शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला विक्रेता और सब्जी व्यापारी आते हैं। लेकिन वर्तमान हालात में उन्हें मजबूरी में सड़कों और अन्य बाजारों में बैठना पड़ रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

पाराशर ने प्रशासन से मांग की कि जिन व्यापारियों को सुविधायुक्त हॉकर्स जोन में स्थानांतरित किया गया था, उन्हें तत्काल सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएं ताकि वे सम्मानपूर्वक अपने व्यवसाय को जारी रख सकें।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र जैन, जिला अध्यक्ष पंकज सोनी, नगर अध्यक्ष मोनू ठाकुर, बड़ी संख्या में महिला विक्रेता एवं हॉकर्स जोन के व्यापारी शामिल रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com