ग्राम खजरी में पेयजल संकट चरम पर, “बेबुस सुनार-2” योजना के तहत जल टंकी की मांग को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन..

Spread the love

ग्राम खजरी में पेयजल संकट चरम पर, “बेबुस सुनार-2” योजना के तहत जल टंकी की मांग को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन

दमोह।
दमोह जिले की तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खजरी में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों को गर्मी के दिनों में पानी के लिए कई किलोमीटर दूर तक भटकना पड़ता है। हैंडपंप और कुएं सूख जाने के कारण हालात विकट हो चुके हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

इसी गंभीर समस्या को लेकर ग्रामवासियों ने विधायक जयंत मलैया को ज्ञापन सौंपते हुए “बेबुस सुनार-2” बहु-ग्राम जल प्रदाय योजना के तहत जल टंकी की स्वीकृति की मांग की है।

विधायक से की जल संकट दूर कराने की मांग
ग्रामवासियों ने कहा कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि इस योजना के तहत खजरी में जल टंकी स्वीकृत की जाएगी, परंतु आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस उपेक्षा से ग्रामीणों में गहरी निराशा है।

अन्य गाँवों में बाढ़ से विस्थापित क्षेत्रों में बन रही जल टंकियां, खजरी उपेक्षित
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिन गांवों में बाढ़ के चलते लोग विस्थापित हो गए हैं, वहाँ भी जल टंकियां स्वीकृत की जा रही हैं, जबकि उन स्थानों पर अब स्थायी रूप से कोई नहीं रह रहा। ऐसे में खजरी जैसे संकटग्रस्त गांवों की अनदेखी करना संसाधनों का दुरुपयोग और ग्रामीणों के साथ अन्याय है।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, जल्द समाधान की अपील
खजरी पंचायत की विद्या रानी राठौर एवं समस्त ग्रामवासियों ने कहा —
“हम अपने गांव के लिए मूलभूत सुविधा की मांग कर रहे हैं, न कि कोई विशेष अनुदान। हमारा केवल यही अनुरोध है कि हमारे गांव को जल संकट से मुक्ति दिलाई जाए।”

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील
ग्रामीणों ने विधायक महोदय से निवेदन किया है कि वे इस मामले को प्राथमिकता दें और संबंधित विभागों से समन्वय कर जल टंकी की स्वीकृति और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराएं।


About The Author